Jammu में चोरों ने बोला धावा, शटर तोड़ दुकान से उड़ाए लाखों, CCTV में कैद वारदात
Tuesday, Jun 23, 2026-01:15 PM (IST)
जम्मू(रितेश) : जम्मू के मार्बल मार्केट स्थित एक दुकान में अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी। चोरों ने रात के समय दुकान का शटर तोड़कर डेढ़ लाख रुपये से अधिक की नकदी और दर्जनों एल.ई.डी. लाइट्स चोरी कर लीं।

दुकान मालिक अमनदीप सिंह के अनुसार, जब वह सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर टूटा हुआ मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि दुकान के दराजों में रखी करीब 1.5 लाख रुपए से अधिक की नकदी गायब थी। इसके अलावा चोर लगभग 30 एल.ई.डी. लाइट्स भी अपने साथ ले गए, जिनकी कीमत करीब 350 रुपए प्रति पीस बताई जा रही है।
सी.सी.टी.वी. फुटेज में तीन संदिग्ध चोर रात करीब 2:18 बजे दुकान के बाहर आते हुए दिखाई दिए हैं। फुटेज के अनुसार, चोरों ने ईंट की मदद से ताला तोड़ा और शटर उठाकर दुकान के अंदर प्रवेश किया। उन्होंने बड़ी सफाई से चोरी की वारदात को अंजाम दिया और जाते समय शटर खुला छोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू की। दुकान मालिक की शिकायत पर एफ.आई.आर. दर्ज कर ली गई है। पुलिस सी.सी.टी.वी. फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। इस घटना के बाद दुकान मालिक ने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने तथा चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
