J&K : घाटी में भारतीय सेना का ''खैरियत पेट्रोल'', लोगों में सुरक्षा का अहसास

Thursday, May 15, 2025-06:35 PM (IST)

बांदीपोरा (मीर आफताब) : भारतीय सेना ने आज गुरेज घाटी के सीमावर्ती क्षेत्रों में ‘खैरियत पेट्रोल’ का आयोजन किया, जिससे स्थानीय लोगों को राहत और सुरक्षा का अहसास हुआ। यह कदम भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में हुए संघर्ष विराम समझौते के कुछ दिनों बाद उठाया गया है। इससे पहले, सीमा पार गोलीबारी और बमबारी के कारण कई परिवारों को अपने घर छोड़ने पड़े थे।

हाल ही में हुए संघर्ष विराम समझौते के बाद, खासकर गोंड जैसे क्षेत्रों में शांति लौट आई है, जो पहले भारी संघर्ष का गवाह बने थे। बंदूकों की खामोशी ने विस्थापित परिवारों को अपने घर लौटने का मौका दिया है और सामान्य जीवन धीरे-धीरे पटरी पर आ रहा है।

PunjabKesari

भारतीय सेना की राणा बटालियन, जो बगटोर में तैनात है, ने आज स्थानीय लोगों से उनके घर-घर जाकर मुलाकात की। सैनिकों ने लोगों का हालचाल पूछा और किसी भी तरह की मदद की पेशकश की।

मीडिया से बात करते हुए, एक स्थानीय निवासी मोहम्मद सुल्तान ने भारतीय सेना का आभार जताया। उन्होंने कहा कि हम भारतीय सेना के शुक्रगुजार हैं कि उन्होंने हमारे लिए फिर से खैरियत पेट्रोल किया। सेना ने हमेशा मुश्किल समय में हमारा साथ दिया है। यह हालिया संघर्ष विराम के बाद पहला खैरियत पेट्रोल है और अब हम खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। अल्लाह का शुक्र है कि स्थिति सामान्य हो रही है।"

सुल्तान ने आगे बताया कि इस समय खेती का मौसम अपने चरम पर है और गुरेज के लोग अब खेतीबाड़ी में व्यस्त हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी शांति बनी रहेगी। उन्होंने कहा, "सेना का हमारे घर आकर हमारी मदद का भरोसा देना हमारे लिए बहुत मायने रखता है।"

PunjabKesari

एक अन्य स्थानीय निवासी ने भी सेना की प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि सीमा क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए सेना का प्रयास सराहनीय है। भारतीय सेना की ‘खैरियत पेट्रोल’ पहल सीमावर्ती संवेदनशील क्षेत्र में विश्वास बनाने और सद्भाव बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


Content Editor

VANSH Sharma

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News