Holidays Cancelled: मौसम की मार के चलते सरकारी अधिकारियों की छुट्टियां हुईं रद्द
Wednesday, Aug 27, 2025-07:49 PM (IST)

राजौरी ( शिवम ) : जिला उपायुक्त राजौरी अभिषेक शर्मा ने एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिले में आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की। यह कदम जिले में जारी खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए उठाया गया है। बैठक के दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी सरकारी अधिकारियों की छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द रहेंगी ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। उन्होंने आदेश दिया कि जिले के सभी ए.डी.सी. और एस.डी.एम. अपने-अपने क्षेत्रों में समीक्षा बैठकें आयोजित कर नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
उपायुक्त ने जिले में निर्बाध संपर्क व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। इस क्रम में पी.डब्ल्यू.डी., पी.एम.जी.एस.वाई. और बी.आर.ओ. विभागों को अलर्ट रहने, पर्याप्त जनशक्ति व मशीनरी तैनात करने तथा सड़क बाधाओं या भूस्खलन की स्थिति में तुरंत सड़क बहाल करने के निर्देश दिए गए। पी.डब्ल्यू.डी. के एस.ई. को इन सभी विभागों के बीच समन्वय हेतु नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
इसी तरह जलापूर्ति पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है। एस.ई. पी.एच.ई. को सभी जलापूर्ति योजनाओं की बारीकी से निगरानी करने और आवश्यक मुरम्मत कार्य प्राथमिकता पर करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें थन्नामंडी और मंजाकोट से निकलने वाली नदियों के जलस्तर पर भी कड़ी नजर रखने के लिए कहा गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
बैठक में ए.डी.सी. राजौरी चंदर प्रकाश, ए.डी.सी. नौशहरा प्रीतम लाल थापा, डिप्टी कंट्रोलर एस.डी.आर.एफ. जबीन लोन, तहसीलदार मुख्यालय इंशा फराश सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, ए.डी.सी. सुंदरबनी रामकेश शर्मा, ए.डी.सी. कलाकोट मोहम्मद तनवीर, ए.डी.सी. कोटरांका दिलमीर, एस.डी.एम. थन्नामंडी अबिद हुसैन, सी.एम.ओ. राजौरी डॉ. मनोहर लाल तथा विभिन्न तहसीलदार एवं सेक्टोरल अधिकारी वर्चुअली बैठक में शामिल हुए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here