Heatwave को लेकर अलर्ट! स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को बताए जरूरी उपाय

Sunday, Jun 07, 2026-06:43 PM (IST)

जम्मू ( रोशनी )  :  जम्मू कश्मीर में पड़ रही भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता के लिए सार्वजनिक स्वास्थ्य सलाह जारी की है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि "ठंडे रहें, हाइड्रेटेड रहें, सुरक्षित रहें" के मंत्र को अपनाकर लू और हीट स्ट्रोक से बचाव करें।  

सामान्य जनता के लिए जरूरी सलाह  

एडवाइजरी में कहा गया है कि प्यास न लगने पर भी बार-बार पानी पिएं और मौसमी फल-सब्जी का सेवन करें। धूप से बचने के लिए हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें, सिर ढकें और छाते का इस्तेमाल करें। रेडियो, टीवी और समाचार से मौसम की जानकारी लेते रहें। दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें और घर को ठंडा व हवादार रखें। खिड़कियां व पर्दे बंद रखें और पंखे-कूलर का उपयोग करें।  

इन लोगों का रखें विशेष ध्यान  

स्वास्थ्य विभाग ने शिशु, छोटे बच्चे, गर्भवती महिलाएं, बाहर काम करने वाले मजदूर, बुजुर्ग और बीमार व्यक्तियों को संवेदनशील श्रेणी में रखा है। साथ ही ठंडे स्थान से अचानक गर्म स्थान पर जाने वाले लोगों को भी सतर्क रहने को कहा गया है।  

हीट स्ट्रेस के लक्षण और बचाव  

एडवाइजरी में बताया गया कि चक्कर आना, बहुत प्यास लगना, मतली/उल्टी और तेज धड़कन हीट स्ट्रेस के लक्षण हैं। ऐसे में तुरंत पर्याप्त तरल पदार्थ पिएं, छाया में आराम करें और जरूरत पड़ने पर समय से चिकित्सक से मिलें।  

हीट स्ट्रोक है मेडिकल इमरजेंसी  

विभाग ने चेतावनी दी है कि मानसिक भ्रम, गर्म-लाल व सूखी त्वचा, बेहोशी और बहुत अधिक तापमान हीट स्ट्रोक के खतरनाक संकेत हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत 108/102 पर कॉल करें। मदद आने तक मरीज को ठंडी जगह ले जाएं, ठंडा पानी पिलाएं या गीले कपड़े से शरीर ठंडा करें और पंखा/हवा लगाएं।  
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी शारीरिक परिश्रम से बचें और घर को ठंडा रखने के उपाय अपनाएं। लू से बचाव ही सबसे बड़ा इलाज है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News