जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर यात्रा से पहले अलर्ट!  ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

Saturday, Aug 01, 2026-12:43 AM (IST)

श्रीनगर/जम्मू (तनवीर) : जम्मू-कश्मीर ट्रैफिक पुलिस मुख्यालय ने 1 अगस्त के लिए नई ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए यात्रियों से अपील की है कि वे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर यात्रा करने से पहले सड़क की स्थिति की पुष्टि अवश्य करें। भारतीय मौसम विभाग (IMD) द्वारा अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना जताए जाने के चलते प्रशासन ने लोगों को बिना जानकारी लिए यात्रा न करने की सलाह दी है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई शाम 4 बजे से 31 जुलाई शाम 4 बजे के बीच जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग करीब 9 घंटे तक बंद रहा। उधमपुर जिले के जखेनी और रामबन जिले के बनिहाल के बीच सड़क बहाली का कार्य लगातार जारी है।

NH-44 पर फिलहाल यात्रा टालने की सलाह

ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि NH-44 पर मरम्मत और बहाली का काम अभी भी जारी है। ऐसे में 1 अगस्त को वाहनों की आवाजाही की अनुमति सड़क की स्थिति और NHAI से ग्रीन सिग्नल मिलने के बाद ही दी जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट (TCU) जम्मू, रामबन, श्रीनगर अथवा जम्मू-कश्मीर ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से ही जानकारी लेने की अपील की है।

किश्तवाड़-सिंथन-अनंतनाग रोड पर सीमित आवाजाही

मौसम और सड़क की स्थिति अनुकूल रहने पर किश्तवाड़-सिंथन-अनंतनाग (NH-244) मार्ग पर हल्के वाहनों (LMV) को दोनों दिशाओं में चलने की अनुमति दी जाएगी।

पराना से अनंतनाग की ओर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक।
डक्सुम से किश्तवाड़ की ओर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक।

निर्धारित समय के बाद किसी भी वाहन को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी।

श्रीनगर-सोनमर्ग-गुमरी (SSG) रोड पर भी जारी रहेगी आवाजाही

मौसम साफ रहने पर श्रीनगर-सोनमर्ग-गुमरी मार्ग पर हल्के वाहनों को दोनों दिशाओं में चलने की अनुमति रहेगी। वहीं भारी वाहनों (HMV) को दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक सोनमर्ग से कारगिल की ओर जाने की अनुमति होगी। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को फिसलन भरी सड़क को देखते हुए एंटी-स्किड चेन साथ रखने की सलाह दी है।

मुगल रोड पर भी वाहनों की आवाजाही रहेगी जारी

मौसम और सड़क की स्थिति अनुकूल रहने तथा GREF की मंजूरी मिलने पर मुगल रोड (NH-701A) पर हल्के और 10 टायर तक के भारी वाहनों को दोनों दिशाओं में चलने की अनुमति होगी।

बफलियाज (चांदीमार्ग) से शोपियां
हीरपोरा (शोपियां) से पुंछ

इन मार्गों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक ही वाहनों की आवाजाही की अनुमति रहेगी। निर्धारित समय के बाद किसी भी वाहन को आगे नहीं जाने दिया जाएगा।

ट्रैफिक पुलिस की अपील

ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि खराब मौसम को देखते हुए यात्रा से पहले सड़क की स्थिति की पुष्टि जरूर करें। प्रशासन ने कहा है कि केवल आधिकारिक ट्रैफिक अपडेट पर ही भरोसा करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


Content Editor

Subhash Kapoor

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News