गृह मंत्री अमित शाह की जम्मू व अनुराग ठाकुर की किश्तवाड़ में चुनाव रैली आज, जारी हुआ रूट प्लान

4/16/2024 9:42:29 AM

जम्मू: जम्मू-कश्मीर में अपने मजबूत गढ़ जम्मू लोकसभा सीट और उधमपुर लोकसभा सीट पर इस बार भी जीत का परचम लहराने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। गृहमंत्री अमित शाह मंगलवार 16 अप्रैल को जम्मू के पलौड़ा क्षेत्र में चुनाव रैली को संबोधित करेंगे। वहीं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर उधमपुर लोकसभा सीट के तहत किश्तवाड़ में चुनाव रैली को संबोधित करेंगे। अपने दो स्टार प्रचारकों की चुनाव रैलियों को सफल बनाने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार गृह मंत्री अमित शाह जम्मू के पलौड़ा क्षेत्र स्थित मन्हास सभा के मैदान में सुबह 11 बजे चुनाव रैली को संबोधित करेंगे। इसके लिए भाजपा ने 50 हजार से ज्यादा की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा हुआ है। वहीं किश्तवाड़ में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की रैली करवाकर भाजपा उधमपुर लोकसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार थमने से पहले अपनी स्थिति को मजबूत करने में जुटी हुई है। उल्लेखनीय है कि उधमपुर लोकसभा सीट पर 19 अप्रैल को मतदान होना है। ऐसे में 17 अप्रैल को चुनाव प्रचार थम जाएगा। वहीं जम्मू लोकसभा सीट पर 26 अप्रैल को मतदान होना है। 24 अप्रैल को मतदान थम जाएगा।

यातायात पुलिस ने गृह मंत्री अमित शाह की जम्मू के पलौड़ा क्षेत्र में 16 अप्रैल को रैली को देखते हुए लोगों के लिए यातायात प्लान जारी किया है। रैली स्थल पर अखनूर, राजौरी, पुंछ, मढ़ ब्लाक से जाने वाले वाहनों को अखनूर से मुट्ठी कैंप पुली का रास्ता अपनाने को कहा गया है। आर.एस. पुरा, सांबा, कठुआ की तरफ से रैली स्थल पर आने वाले वाहनों को सतवारी, एशिया क्रासिंग से होते हुए वेयर हाऊस, चौथे तवी पुल, कनाल हैड से होते हुए पलौड़ा मुट्ठी कैंप पुली का रूट पकड़ने के लिए कहा गया है। वहीं रूटीन में अंबफला से बनतालाब रूट पर चलने वाले वाहनों को अंबफला, रिहाड़ी, शकुंतला, महेशपुरा, बख्शी नगर पुली से होते हुए बरनाई, बनतालाब की तरफ जाने के लिए कहा गया है।


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News