Rajouri में भीषण आग का कहर... गरीब का आशियाना जलकर राख, सदमे में परिवार
Sunday, Mar 22, 2026-04:37 PM (IST)
राजौरी ( शिवम ) : जिला राजौरी के धनोर जरल्लन क्षेत्र में शनिवार देर रात को भीषण आग लगने से एक गरीब परिवार का कच्चा मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस हादसे में घर में रखा सारा सामान भी आग की भेंट चढ़ गया, जिससे परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा। जानकारी के अनुसार यह मकान स्थानीय निवासी दर्शन कुमार का था, जो बेहद गरीब परिवार से संबंध रखते हैं। आग अचानक भड़क उठी और कुछ ही देर में पूरे कच्चे घर को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की और प्रशासन को सूचित किया, जिसके बाद दमकल विभाग की टीम ने पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर खाक हो चुका था।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन पीड़ित परिवार के सिर से छत छिन गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता और राहत प्रदान की जाए, ताकि वे इस कठिन समय से उबर सकें।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
