J&K: चमत्कार या किस्मत? 11 साल बाद जिंदा मिली महिला, परिवार ने कर दिया था अंतिम संस्कार...
Friday, Mar 20, 2026-05:30 PM (IST)
पुंछ (धनुज शर्मा): पुंछ जिले के सुरनकोट में मानवता की मिसाल पेश करते हुए पुलिस ने 11 साल से लापता एक बुज़ुर्ग महिला को उसके परिवार से मिलवा दिया। इस भावुक पल में परिजनों ने थाना प्रभारी आबिद बुखारी को गले लगाकर उनका धन्यवाद किया।
जानकारी के अनुसार, सुरनकोट बस अड्डे और मुख्य बाज़ार में एक बुज़ुर्ग महिला लंबे समय से भटक रही थी। महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ थी, इसलिए वह अपनी पहचान नहीं बता पा रही थी। स्थानीय लोग उसे खाना आदि देकर उसकी मदद करते थे।
इसी दौरान थाना प्रभारी आबिद बुखारी की नज़र उस महिला पर पड़ी। उन्होंने स्वयं इस मामले में दिलचस्पी लेते हुए महिला से बातचीत शुरू की और उसके बताए छोटे-छोटे संकेतों को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई। कड़ी मेहनत के बाद पुलिस ने महिला की पहचान ललिता देवी, निवासी उत्तर प्रदेश, के रूप में की।
इसके बाद सुरनकोट पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क किया और महिला के परिवार वालों को इसकी जानकारी दी। जैसे ही परिवार को पता चला कि उनकी सदस्य जीवित है, उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा और वे तुरंत पुंछ पहुंच गए।
करीब 11 साल बाद अपनी मां/परिजन को जीवित देखकर परिवार भावुक हो गया। परिजनों ने बताया कि महिला के लापता होने के बाद उन्होंने उसे बहुत खोजा, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार उन्होंने सनातन परंपरा के अनुसार उसके अंतिम संस्कार तक कर दिए थे।
परिवार ने कहा कि आज का दिन उनके लिए किसी चमत्कार से कम नहीं है। ऐसा लग रहा है जैसे 11 साल का वनवास खत्म हो गया हो। उन्होंने सुरनकोट पुलिस और थाना प्रभारी आबिद बुखारी का दिल से आभार जताया। पुलिस की इस सराहनीय पहल से एक परिवार फिर से एकजुट हो गया, जो समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
