एक्शन मोड में Deputy CM, Jammu के सरकारी कार्यालयों में औचक निरीक्षण, दिए सस्पेंड करने के आदेश
Sunday, Feb 15, 2026-01:49 PM (IST)
जम्मू ( रोशनी ) : जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने आज एक्शन मोड में सरकारी कार्यालयों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सतवारी और अखनूर क्षेत्रों में कई सरकारी दफ्तरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी और अधिकारी ड्यूटी पर अनुपस्थित पाए गए, जिसके बाद डिप्टी सीएम ने सख्त कार्रवाई करते हुए लगभग 15 अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) करने के आदेश दिए। उपमुख्यमंत्री ने PWD (सार्वजनिक निर्माण विभाग) से संबंधित कार्यालयों सहित अन्य सरकारी दफ्तरों का दौरा किया, जहां अनुपस्थिति की स्थिति देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। एक मामले में यह भी पाया गया कि एक MTS (मल्टी टास्किंग स्टाफ) ने AEE (असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर) की छुट्टी मार्क की थी, जिस पर डिप्टी सीएम ने जांच के आदेश दिए और पूछा कि ऐसा कैसे संभव हुआ।
डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी ने स्पष्ट संदेश दिया कि सरकारी कर्मचारियों में लापरवाही, अनुशासनहीनता और ड्यूटी से भटकाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा में कोई ढिलाई नहीं चलेगी और ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेंगी ताकि प्रशासन पूरी तरह जवाबदेह बने।
यह कार्रवाई डिप्टी सीएम की उस मुहिम का हिस्सा है जिसमें वे बार-बार सरकारी कार्यालयों का औचक दौरा कर अनियमितताओं पर लगाम कस रहे हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
