जम्मू के अस्पताल भी अब नहीं सुरक्षित, दिनदहाड़े खौफनाक वारदात से फैली सनसनी

Tuesday, Mar 17, 2026-03:27 PM (IST)

आर.एस. पुरा (मुकेश): आर.एस. पुरा के मुख्य बाजार में दिनदहाड़े एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, खासकर बुजुर्ग लोगों में भय देखा जा रहा है। पीड़िता की पहचान गांव पिंडी निवासी 75 वर्षीय रत्नों देवी, पत्नी स्वर्गीय चमन लाल, के रूप में हुई है।

पीड़िता रत्नों देवी ने बताया कि वह अपने बेटे के साथ बैंक का काम निपटाने के बाद अस्पताल में डॉक्टर से चेकअप कराने गई थीं। अस्पताल परिसर में ही उन्हें दो महिलाएं और एक व्यक्ति मिले, जिन्होंने उनसे बातचीत शुरू की। आरोपियों ने भरोसा जीतने के लिए बताया कि उनका कोई रिश्तेदार अस्पताल में भर्ती है।

रत्नों देवी के अनुसार, बातचीत के दौरान एक महिला आरोपी उन्हें बहाने से अस्पताल के एक सुनसान कोने में ले गई। वहां पहुंचकर आरोपी महिला ने उन्हें रूमाल से कुछ सुंघाया, जिससे वह अपनी सुध-बुध खो बैठीं और बेहोश हो गईं। कुछ समय बाद जब उन्हें होश आया, तो उन्होंने देखा कि उनके कानों से करीब एक तोले की सोने की बालियां गायब थीं।

घटना के बाद रत्नों देवी ने शोर मचाया और आरोपियों के पीछे भागने की कोशिश की, लेकिन तब तक तीनों आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। आसपास मौजूद लोगों ने भी उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जांच अधिकारी, सब-इंस्पेक्टर विशाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला किसी संगठित गिरोह का प्रतीत होता है, जो खासतौर पर बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाता है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। साथ ही लोगों से भी अपील की गई है कि वे सतर्क रहें और अनजान लोगों से दूरी बनाए रखें। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

VANSH Sharma

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News