Breaking: जम्मू के केंद्रीय विद्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी
Monday, Jul 27, 2026-05:52 PM (IST)
जम्मू ( दिनेश ठाकुर, तनवीर ) : जम्मू के गांधी नगर स्थित केंद्रीय विद्यालय नंबर-1 को ईमेल के जरिए 5 अगस्त, 2026 को बम धमाके की धमकी मिली है। स्कूल प्रशासन को यह धमकी एक संदिग्ध ईमेल आईडी से प्राप्त हुई, जिसके बाद मामले की जानकारी तुरंत गांधी नगर पुलिस स्टेशन को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्कूल परिसर का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इसी ईमेल आईडी से जम्मू के अन्य केंद्रीय विद्यालयों को भी इसी तरह की धमकियां मिली हैं। इनमें केवी नंबर-2 जम्मू कैंट, केवी नगरोटा और केवी सुजमा शामिल हैं।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां धमकी भेजने वाले व्यक्ति और ईमेल आईडी की जांच कर रही हैं। फिलहाल सभी संबंधित स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।

