Jammu Kashmir के National Highway का हाल बदहाल, रोजाना हजारों वाहन चालक हो रहे परेशान
Wednesday, Jun 03, 2026-10:58 AM (IST)
बारामूला(रिजवान मीर): बारामूला शहर में गुरु नानक स्कूल से खानपोरा तक राष्ट्रीय राजमार्ग की खस्ता हालत के कारण स्थानीय लोगों, दुकानदारों और विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह सड़क बीकन विभाग के अधीन आती है, लेकिन लंबे समय से इसकी मरम्मत और मैकडमाइजेशन नहीं किया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ महीने पहले सड़क पर केवल पैचवर्क किया गया था, जिससे सड़क की स्थिति सुधरने के बजाय और अधिक धूल व गर्द-गुबार उड़ने लगा है। सड़क के किनारे स्थित दुकानदारों का कहना है कि लगातार उड़ रही धूल के कारण उनका व्यापार प्रभावित हो रहा है और उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
यह मार्ग शहर का अत्यंत व्यस्त रास्ता है, जहां दिनभर वाहनों की भारी आवाजाही रहती है। इसके आसपास कई शिक्षण संस्थान भी स्थित हैं, जिससे छात्रों और शिक्षकों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। बरसात के दिनों में सड़क पर पानी जमा हो जाता है, जिससे पैदल चलने वालों और वाहन चालकों को अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय दुकानदारों और आम नागरिकों ने जिला प्रशासन, उपायुक्त बारामूला, बीकन विभाग तथा विधायक बारामूला से अपील की है कि इस महत्वपूर्ण सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराकर मैकडम बिछाया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।
गौरतलब है कि यह मार्ग “गेटवे ऑफ कश्मीर” के नाम से भी जाना जाता है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय तथा बाहरी वाहन इसी सड़क से होकर गुजरते हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
