AIIMS में नौकरी के नाम पर 2-3 लाख रुपये मांगने का आरोप, युवाओं का जोरदार प्रदर्शन
Thursday, Aug 13, 2026-03:38 PM (IST)
सांबा ( अजय ) : जिला सांबा के बीजेपुर स्थित एम्स में गुरुवार को स्थानीय युवाओं ने रोजगार से जुड़ी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया है। युवाओं ने एम्स प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि स्थानीय युवाओं को रोजगार देने में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है।
प्रदर्शनकारी युवाओं ने आरोप लगाया कि एम्स में काम दिलाने के नाम पर उनसे कथित तौर पर दो से तीन लाख रुपए तक की मांग की जाती है। युवाओं का यह भी आरोप है कि कुछ लोगों को काम पर रखने के बाद एक वर्ष के भीतर ही बाहर कर दिया जाता है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
युवाओं ने कहा कि एम्स के निर्माण के लिए स्थानीय लोगों ने अपनी जमीनें दी हैं, इसलिए रोजगार के अवसरों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उनका आरोप है कि स्थानीय युवाओं की जगह बाहरी लोगों को रोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं।
प्रदर्शन से पहले एम्स का मुख्य गेट बंद कर दिया गया था। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी गेट फांदकर परिसर में दाखिल हुए और प्रशासनिक ब्लॉक के बाहर धरने पर बैठ गए। मामले की जानकारी मिलते ही एम्स के प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारी युवाओं से उनकी मांगों का ज्ञापन लिया। अधिकारियों ने युवाओं को आश्वासन दिया कि उनकी शिकायतों की जांच के लिए
एक कमेटी गठित की जाएगी। साथ ही कहा गया कि जांच में यदि लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। युवाओं ने प्रशासन से मांग की कि जांच जल्द पूरी कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
