स्वतंत्रता दिवस को लेकर Jammu में जोरदार तैयारियां, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
Monday, Aug 10, 2026-04:59 PM (IST)
जम्मू ( तनवीर सिंह ) : देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जम्मू में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। 15 अगस्त को होने वाले मुख्य समारोह को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर में देशभक्ति का माहौल बनाने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है।
जम्मू में स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य बनाने के लिए विभिन्न विभागों की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य प्रस्तुतियों के लिए प्रतिभागियों द्वारा रिहर्सल की जा रही है। स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है तथा वाहनों और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। जम्मू के सीमावर्ती इलाकों में भी सुरक्षा बलों द्वारा तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं।

प्रशासन की ओर से शहर में साफ-सफाई, सजावट, यातायात व्यवस्था, बिजली-पानी और समारोह स्थल पर आवश्यक सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वहीं, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत लोगों से अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस समारोह में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की जा रही है। जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोहों को व्यापक स्तर पर आयोजित करने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर जम्मू शहर में जगह-जगह तिरंगे और देशभक्ति से जुड़े संदेश नजर आने लगे हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि 15 अगस्त का राष्ट्रीय पर्व पूरे उत्साह, गरिमा और सुरक्षित माहौल में मनाया जाए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
