'कैंसर' पर AIIMS Jammu की 'सर्जिकल स्ट्राइक', जल्द शुरू होने जा रही दुनिया की सबसे सटीक रेडियोथैरेपी

Sunday, Apr 12, 2026-01:48 PM (IST)

साम्बा (संजीव) : जम्मू-कश्मीर के मरीजों के लिए बड़ी राहत की खबर है। एम्स जम्मू में आंखों के कैंसर (ऑक्यूलर ऑन्कोलॉजी) के उन्नत इलाज की सुविधा जल्द शुरू होने जा रही है। इसके लिए संस्थान में एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित कर विशेषज्ञों ने प्लाक ब्रैकीथेरेपी प्रोग्राम की स्थापना, तकनीकी जरूरतों, लाइसैंसिंग और सुरक्षा मानकों पर विस्तृत मंथन किया। इस सुविधा के शुरू होने से अब क्षेत्र के मरीजों को विशेष इलाज के लिए दिल्ली या अन्य राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

दिल्ली तक सीमित थी सुविधा, अब जम्मू में मिलेगी राहत

अभी तक आंखों के कैंसर के उन्नत उपचार की सुविधा मुख्य रूप से एम्स नई दिल्ली में उपलब्ध है। इस कारण जम्मू-कश्मीर के मरीजों को जांच और इलाज के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। एम्स जम्मू में यह सेवा शुरू होने से मरीजों को समय पर निदान और इलाज मिलेगा।

विशेषज्ञों ने दिया संस्थागत तैयारी पर जोर

कार्यक्रम का उद्घाटन कार्यकारी निदेशक एवं सी.ई.ओ. प्रो. (डॉ.) डी.एन. शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विशेषीकृत कैंसर सेवाओं का विस्तार समय की बड़ी जरूरत है। डीन अकादमिक्स प्रो. (डॉ.) मीता गुप्ता ने इसे स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने वाली अहम पहल बताया।

प्रो. (डॉ.) शबाब ललित अंगुराना, विभागाध्यक्ष रेडिएशन ऑन्कोलॉजी ने बताया कि विभाग बढ़ती क्लीनिकल जरूरतों को पूरा करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।

क्या है प्लाक ब्रैकीथेरेपी?

आंखों के कैंसर के इलाज की यह एक उन्नत तकनीक है, जिसमें रेडियोएक्टिव प्लेट (प्लाक) को प्रभावित हिस्से के पास लगाया जाता है। इससे कैंसर कोशिकाओं पर सीधे विकिरण डाला जाता है और आसपास के स्वस्थ ऊतकों को कम नुकसान पहुंचता है।

संगोष्ठी में विशेषज्ञों ने बताया कि इस सेवा को शुरू करने में एटॉमिक एनर्जी रेगुलेटरी बोर्ड से मंजूरी और रेडिएशन सुरक्षा मानकों का पालन सबसे बड़ी चुनौती है। साथ ही, नेत्र रोग विशेषज्ञों, रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट और मैडिकल फिजिसिस्ट के बीच बेहतर समन्वय भी जरूरी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News