जम्मू-कश्मीर के युवक की Russia में मौत, पार्थिव शरीर गांव पहुंचा... पसरा मातम
Sunday, Feb 22, 2026-12:17 PM (IST)
आर.एस. पुरा (मुकेश): आर.एस. पुरा क्षेत्र के गांव अगवान निवासी युवक मनजिंदर सिंह पुत्र राजिंदर सिंह, जिनका कुछ दिन पहले *रूस* में निधन हो गया था, उनका पार्थिव शरीर आज तड़के करीब 1:30 बजे उनके पैतृक निवास पहुंचा है। पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों ने बताया कि मनजिंदर सिंह छात्र वीजा पर रूस गया था और वहां काम कर रहा था। इसी दौरान एजेंट के बहकावे में आकर वह रूसी सेना में भर्ती हो गया। बाद में जानकारी मिली कि वह *यूक्रेन* युद्ध क्षेत्र में तैनात था। परिजनों के अनुसार, उसे यूक्रेन के *डोनेस्क* शहर में तैनाती दी गई थी, जहां फरवरी के पहले सप्ताह में उसकी मौत होने की सूचना मिली।
परिजनों का कहना है कि करीब तीन अगस्त को उसने रूसी सेना जॉइन की थी, जिसकी जानकारी घर वालों को नहीं थी। कुछ समय बाद जब उसका फोन बंद हो गया और दो-तीन महीनों तक कोई संपर्क नहीं हो सका, तो परिवार चिंतित हो गया। बाद में संबंधित माध्यमों से संपर्क करने पर उसकी मौत की पुष्टि हुई। हालांकि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी परिवार को नहीं मिल सकी है।
पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने पर बड़ी संख्या में रिश्तेदार, मित्र और स्थानीय लोग शोक व्यक्त करने पहुंचे। परिजनों ने बताया कि दिवंगत मनजिंदर सिंह का अंतिम संस्कार आज दोपहर *पुरमंडल* में पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ किया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
