Jammu में पिता की दर्द भरी कहानी, बेटे की अस्थियां हाथ में पकड़ दर-दर भटकने को मजबूर
Wednesday, Mar 11, 2026-04:29 PM (IST)
जम्मू ( तनवीर सिंह ) : जम्मू कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के जिला जम्मू की तहसील RS Pura से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपने 29 वर्षीय बेटे की हत्या के खिलाफ इंसाफ की मांग करते हुए बेटे की अस्थियां हाथ में पकड़कर प्रदर्शन किया। बुधवार को जम्मू में पिता ने जम्मू-कश्मीर पुलिस और सरकार से न्याय की गुहार लगाई। पिता ने 'पंजाब केसरी' टीवी से बातचीत में बताया कि कुछ दिनों पहले उनके बेटे को एक दोस्त का फोन आया था, जिसके बाद वह घर से बाहर गया। जाते समय उसकी मां ने उसे ATM कार्ड दिया था कि लौटते समय कुछ नकदी निकाल लाना। लेकिन बेटा घर नहीं लौटा। दो दिन बाद सांबा जिले के रामगढ़ इलाके से एक युवक की लाश मिलने की खबर आई। जांच में पता चला कि वह लाश उनके बेटे की ही थी।

मिली जानकारी के अनुसार, युवक को बुरी तरह पीटा गया था और उसके चेहरे को जानबूझकर खराब करने की कोशिश की गई थी, जिससे पहचान मुश्किल हो रही थी। पिता ने गहरा दुख जताते हुए कहा कि उनके बेटे को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस मामले की ठीक से जांच नहीं कर रही है। पिता ने मांग की कि हत्यारों का जल्द से जल्द पता लगाया जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि जम्मू-कश्मीर पुलिस इस मामले को सुलझाने में असमर्थ है तो इसे CBI को सौंप दिया जाए।
अस्थियां हाथ में लेकर प्रदर्शन करते हुए पिता ने भावुक होकर कहा, "मैं आज अपने बेटे की अस्थियां लेकर यहां इंसाफ की मांग करने आया हूं। सरकार और पुलिस से अपील है कि मेरे बेटे को न्याय दिलाएं।" पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन परिवार का आरोप है कि जांच में लापरवाही बरती जा रही है। यह घटना स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा कर रही है और न्याय की मांग तेज हो गई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
