J&K: देश की इस बेटी ने हिमालय की चोटी पर फहराया तिरंगा, रचा नया इतिहास
Thursday, Jul 03, 2025-01:24 PM (IST)

हीरानगर (लोकेश): देश की बेटियों ने एक बार फिर यह साबित कर दिखाया है कि मजबूत हौसले के सामने कोई भी पहाड़ बड़ा नहीं होता। कठुआ जिला की तहसील हीरानगर के गांव कढेतर की केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सी.आई.एस.एफ.) की कांस्टेबल सुमन वर्मा ने भारतीय पर्वतारोहण संस्था (आई.एम.एफ.) द्वारा संचालित प्रतिष्ठित सी.बी.-13 अभियान को सफलतापूर्वक पूरा कर 6264 मीटर ऊंची हिमाच्छादित चोटी पर तिरंगा फहराकर नया इतिहास रच दिया है।
यह अभियान 17 जून से 3 जुलाई, 2025 तक हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति क्षेत्र में चलाया गया। 29 जून को सुबह 6 बजकर 24 मिनट पर सुमन ने तीन अन्य सदस्यों, विशाल, सुमित और रिजू डे, के साथ सीबी-13 के शिखर पर पहुंचकर राष्ट्रध्वज फहराया। यह पल न केवल सी.आई.एस.एफ. बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए गौरवपूर्ण क्षण रहा। 9 सदस्यीय इस अभियान दल का नेतृत्व लता बिष्ट ने किया, जिसमें सुमन वर्मा एकमात्र महिला सदस्य थीं।
ये भी पढ़ेंः जम्मू-कश्मीर में आतंकियों व सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ शुरू, चल रही गोलीबारी
सुमन ने इस चुनौतीपूर्ण चढ़ाई को सफलता के साथ पूरा कर नारी शक्ति की मिसाल पेश की। सुमन वर्मा ने कहा कि मैं इस अभियान का हिस्सा बनकर गौरव महसूस कर रही हूं। यह मेरे लिए एक सम्मान है कि मैंने सी.आई.एस.एफ. और अपने देश का नाम ऊंचा किया। मैं आई.एम.एफ. और अपने वरिष्ठ अधिकारियों की आभारी हूं जिन्होंने मुझे यह अवसर और प्रोत्साहन दिया। आई.एम.एफ. और सी.आई.एस.एफ. के वरिष्ठ अधिकारियों ने सुमन वर्मा और उनकी टीम को इस अद्वितीय उपलब्धि के लिए बधाई दी है।
सुमन की यह सफलता सिर्फ एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि देश की सभी बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनका यह साहसिक कदम यह संदेश देता है कि अगर संकल्प दृढ़ हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं। यह अभियान आई.एम.एफ. और सी.आई.एस.एफ. के बीच सहयोग का प्रतीक भी बना, जिससे भविष्य में ऐसे और अभियानों की संभावनाएं सशक्त होंगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here