बम बम भोले! Amarnath Yatra 2026 का शुभारंभ, LG Sinha ने की प्रथम पूजा
Monday, Jun 29, 2026-11:40 AM (IST)
जम्मू डेस्क (मीर आफताब): श्री अमरनाथ यात्रा 2026 के शुभारंभ से पहले सोमवार 29 जून ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन अवसर पर बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा में विराजमान पवित्र हिमलिंग की आज प्रथम पूजा की गई।
इस अवसर पर श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड और श्री बाबा अमरनाथ न्यास के पदाधिकारी इस अहम क्षण में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे। वहीं इस पारंपरिक पूजा के साथ आगामी यात्रा के सफल, सुरक्षित और मंगलमय संचालन की कामना की गई। सूत्रों के अनुसार बाबा अमरनाथ की प्रथम पूजा में उपराज्यपाल एवं श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष मनोज सिन्हा, श्राइन बोर्ड और बाबा अमरनाथ न्यास के पदाधिकारी, संत महात्मा और पवित्र गुफा के पुजारी शामिल हुए।
वहीं इस दौरान उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि श्री अमरनाथ जी की पवित्र गुफा में 'प्रथम पूजा' करके और वार्षिक यात्रा की औपचारिक शुरुआत करके वह खुद को धन्य महसूस कर रहे हैं। उन्होंने बाबा बर्फानी से सभी की शांति, समृद्धि, स्वास्थ्य और भलाई के लिए प्रार्थना की। 3 जुलाई से शुरू हो रही इस यात्रा के लिए प्रशासन, श्राइन बोर्ड, सेना, पुलिस, सुरक्षाबल, स्थानीय समुदाय, सेवा प्रदाता और स्वयंसेवक पूरी तरह से मिलकर काम कर रहे हैं। सभी संबंधित लोग तीर्थयात्रियों के लिए यात्रा को सुरक्षित, परेशानी-मुक्त और यादगार बनाने के लिए समर्पित हैं। इसके अलावा बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, अच्छी सुविधाओं और जम्मू-कश्मीर के लोगों के अमूल्य सहयोग के साथ वे भक्तों का आध्यात्मिक रूप से संतोषजनक यात्रा के लिए स्वागत करने को पूरी तरह तैयार हैं। अंत में उन्होंने बाबा अमरनाथ जी से सभी पर कृपा बनाए रखने की भी प्रार्थना की।
ज्येष्ठ पूर्णिमा बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा में प्रथम पूजा सदियों से चली आ रही परंपरा का अहम हिस्सा है और इसी के साथ अमरनाथ यात्रा की औपचारिक धार्मिक शुरूआत मानी जाती है। इस वर्ष अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई को शुरू होकर 28 अगस्त रक्षाबंधन तक चलेगी। शिवभक्त पारंपरिक पहलगाम मार्ग और बालटाल मार्ग से बाबा अमरनाथ के दर्शन कर सकेंगे।
यात्रा को लेकर सरकार से सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, आवास, संचार, सड़क और अन्य जरूरी सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं। जम्मू स्थित भगवती नगर यात्री निवास के अलावा यात्रा मार्ग और पहलगाम और बालटाल स्थित आधार शिविरों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रबंधों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
