बारामूला में सजा Cricket का बड़ा मंच, CPL 2026 में दिखेगा युवाओं का दमदार टैलेंट

Saturday, Aug 08, 2026-02:18 PM (IST)

बारामूला ( रेजवान मीर )  :  भारतीय सेना की ओर से आयोजित चिनार प्रीमियर लीग (CPL) 2026 का आज बारामूला स्थित जनरल बिपिन रावत स्टेडियम में भव्य उद्घाटन किया गया। इस मेगा क्रिकेट लीग में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के विभिन्न क्षेत्रों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। चिनार प्रीमियर लीग इस वर्ष पहले से कहीं अधिक व्यापक स्तर पर आयोजित की जा रही है। लीग का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना और विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं को एक सांझा मंच पर लाना है।

संघर्ष से क्रिकेट के मैदान तक

भारतीय सेना द्वारा BCF के सहयोग से आयोजित यह प्रतियोगिता केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और समाज में भाईचारे एवं एकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है।

जम्मू, कश्मीर और लद्दाख के बीच खेल का सेतु

पहले चिनार प्रीमियर लीग मुख्य रूप से कश्मीर घाटी तक सीमित थी, लेकिन वर्ष 2026 में इसका विस्तार किया गया है। अब कश्मीर के सभी 10 जिलों के साथ-साथ जम्मू, लेह और लद्दाख की टीमें भी इस प्रतियोगिता का हिस्सा बन रही हैं।

इस पहल के माध्यम से अलग-अलग भौगोलिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों के युवा क्रिकेटरों को एक ही मंच पर खेलने, एक-दूसरे से सीखने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

स्थानीय युवाओं की बढ़ती भागीदारी

चिनार प्रीमियर लीग की शुरुआत महज चार टीमों से हुई थी, लेकिन स्थानीय युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों की बढ़ती भागीदारी के साथ इसका दायरा लगातार बढ़ा है। इस वर्ष लीग में बड़ी संख्या में टीमें और करीब 1,600 युवा क्रिकेटरों के भाग लेने की बात कही गई है। प्रतियोगिता का आयोजन कई प्रमुख खेल मैदानों में किया जा रहा है।

युवा प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच

CPL 2026 के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट, बेहतर खेल अनुभव और अपनी प्रतिभा को बड़े स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। आयोजकों का मानना है कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने, उनमें अनुशासन और टीम भावना विकसित करने तथा विभिन्न समुदायों के बीच आपसी जुड़ाव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

चिनार प्रीमियर लीग के उद्घाटन मुकाबले के साथ ही 2026 संस्करण की क्रिकेट यात्रा शुरू हो गई है, जिसमें जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के युवा खिलाड़ी मैदान पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News