शहर में बंदरों ने मचाया आतंक, लोगों में दहशत

3/6/2024 6:38:35 PM

बसोहली: शहर में बंदरों का आतंक दिन-प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। कई सालों से यह समस्या चल रही है, लेकिन आजतक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। इसके कारण लोग काफी परेशान हैं। मंगलवार शाम को रामलीला मैदान के नजदीक वार्ड नम्बर एक में महिला पर बंदरों ने हमला कर दिया। जिस कारण महिला घायल हो गई। परिजनों ने तुरंत उसे उपचार के लिए बसोहली अस्पताल में पहुंचाया।

परिजनों ने बताया कि महिला घर की छत पर कपड़े लाने के लिए गई तो अचानक बंदरों का झुंड उनके ऊपर झपट पड़ा। महिला उनसे जान बचाने के लिए नीचे उतरने लगी तो उसका पांव फिसल गया जिससे वह घायल हो गई। परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। घायल होने के कारण महिला को लगभग 5 टांके लगे हैं। इससे पहले भी बंदरों ने लोगों पर हमला किया है। इसको लेकर लोगों में दहशत का माहौल है।

लोगों ने संबंधित विभाग से कई बार मांग की है कि इन बंदरों से छुटकारा दिलाया जाए लेकिन आज भी समस्या बरकरार है। लोगों ने जिला प्रशासन व सरकार से आग्रह किया है कि इन बंदरों की बढ़ती हुई संख्या पर रोक लगाई जाए।

ये भी पढ़ेंः- बिना चालक ट्रेन दौड़ने का मामलाः ड्राइवर के बाद एस.एम. भी बर्खास्त, जांच में हुआ बड़ा खुलासा


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News