Udhampur: नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस, पुलिस ने अवैध शराब व हेरोइन के साथ 4 तस्कर किए गिरफ्तार
Wednesday, Mar 25, 2026-05:03 PM (IST)
ऊधमपुर (रमेश): मादक पदार्थों और अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत ऊधमपुर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 3 ड्रग तस्करों को 17.4 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया, जबकि एक अन्य आरोपी को 24 बोतल अवैध शराब के साथ काबू किया गया। पुलिस ने सभी मामलों में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहले मामले में रैंबल पुलिस ने एनएचडब्ल्यू फ्लाटा नाका पर नियमित चेकिंग के दौरान जम्मू से कश्मीर जा रही स्विफ्ट डिजायर कार (JK04H-9771) को रोककर जांच की। चालक ने अपनी पहचान मोहम्मद रुस्तम शाह निवासी नादिहाल, बारामूला के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसकी पतलून की दाहिनी जेब से 8.98 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना रैंबल में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/22 के तहत एफआईआर नंबर 59/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
दूसरे मामले में पुलिस पोस्ट टिकरी की टीम ने नाका चेकिंग के दौरान वाहन (JK14G-5132) को रोककर जांच की। वाहन में सवार सुनील शर्मा निवासी जिब मजालता और मोहन लाल निवासी सुनारी, जिला ऊधमपुर की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 5.44 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इस संबंध में एफआईआर नंबर 58/2026 धारा 8/21/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
तीसरे मामले में बट्टल बालियां औद्योगिक क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस पोस्ट बट्टल बालियां की टीम ने शिव नगर निवासी अरुण सिंह को गिरफ्तार किया। उसकी तलाशी के दौरान 2.98 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस स्टेशन ऊधमपुर में एफआईआर नंबर 95/2026 दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
इसी अभियान के तहत अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पंचैरी पुलिस ने दोमेल पंचैरी के पास गश्त के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। आरोपी ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे तुरंत काबू कर लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान करण सिंह निवासी कुद्दल बड़ोता, तहसील पंचैरी के रूप में बताई। उसके बैग से जेके स्पेशल व्हिस्की की 24 बोतलें (750-750 मिलीलीटर) बरामद हुईं।
पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर अवैध शराब जब्त कर ली और पंचैरी पुलिस स्टेशन में एफआईआर नंबर 17/2026, धारा 48(ए) उत्पाद शुल्क अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशा और अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
