Udhampur में आर.एस.पुरा की होनहार छात्रा की दर्दनाक मौ*त, पलों में टूट गई सांसों की डोर
Thursday, Apr 16, 2026-04:47 PM (IST)
आर एस पुरा (मुकेश) : उधमपुर में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में आर.एस.पुरा के टीसीपी खारियां, मीरां साहिब की 19 वर्षीय युवती ईशा चौधरी की मौत के बाद पूरे इलाके में गहरा शोक की लहर दोड़ पड़ी है। इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में मातम का माहौल बना हुआ है और हर कोई इस दुखद हादसे से स्तब्ध है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईशा चौधरी, पुत्री देस राज चौधरी, BA चौथे सेमेस्टर की छात्रा थी और अपने कॉलेज के साथ पिकनिक पर जा रही थी। इसी दौरान उधमपुर से करीब दो किलोमीटर दूर शारदा माता सड़क मार्ग पर उनका वाहन अचानक हादसे का शिकार हो गया। हादसा इतना भयानक था कि ईशा चौधरी को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जैसे ही ईशा चौधरी की मौत की खबर उनके पैतृक गांव टीसीपी खारियां, मीरां साहिब पहुंची, पूरे गांव में सन्नाटा छा गया। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और माता-पिता व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं।
ईशा चौधरी एक होनहार छात्रा बताई जा रही थी, जिसकी असमय मौत से क्षेत्र के लोग गहरे सदमे में हैं। इस दुखद घटना पर शिक्षा मंत्री ने भी ट्वीट कर गहरा दुख व्यक्त किया है और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और लोग ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना कर रहे हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
