Jammu में तेज आंधी-तूफान का कहर, सड़कों पर गिरे विशाल पेड़; वाहनों की लगी लंबी कतारें

Tuesday, Sep 15, 2026-10:41 AM (IST)

अखनूर/परगवाल(रोहित मिश्रा): जम्मू संभाग में सोमवार रात अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी-तूफान के साथ कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो गया। अखनूर के अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे परगवाल सेक्टर में भी तूफान का असर देखने को मिला। तेज हवाओं के चलते सड़क किनारे खड़े कई पेड़ उखड़कर मुख्य मार्गों पर जा गिरे, जिससे यातायात बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सुबह सड़क पर पेड़ और बिजली की तारें गिरी होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्कूल बसों, ट्रकों और अन्य वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही। कई स्थानों पर घंटों तक यातायात बाधित रहने से लोगों को जाम में फंसे रहना पड़ा।

हालात को देखते हुए भारतीय सेना के जवानों ने एक बार फिर अपनी सेवा भावना और तत्परता का परिचय दिया। सीमा पर देश की सुरक्षा में दिन-रात तैनात रहने वाले जवानों ने सड़क के बीचो-बीच गिरे विशाल पेड़ों को हटाने के लिए मोर्चा संभाला। कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ों को सड़क से हटाकर मार्ग को यातायात के लिए सुचारु किया गया। साथ ही, गिरी हुई बिजली की तारों को भी सुरक्षित तरीके से हटाने में सहयोग किया गया।

स्थानीय लोगों ने सेना के जवानों की इस तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय सेना केवल सीमा पर ही देश की रक्षा नहीं करती, बल्कि आपदा और संकट की घड़ी में आम नागरिकों की मदद के लिए भी हमेशा आगे रहती है। रात के समय आए तेज तूफान के बाद सुबह जिस तरह जवानों ने सड़क पर उतरकर यातायात बहाल कराया, उससे लोगों को बड़ी राहत मिली।

स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि अचानक आए तेज आंधी-तूफान ने कई स्थानों पर पेड़ों और बिजली व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया। ऐसे समय में सेना के जवानों द्वारा तुरंत सहायता पहुंचाना उनके लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं था।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News