जम्मू-कश्मीर में बारिश के अलर्ट के बीच ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, जानें कौन से रास्ते रहेंगे खुले और बंद

Thursday, Aug 13, 2026-12:24 AM (IST)

जम्मू-कश्मीर: जम्मू-कश्मीर ट्रैफिक पुलिस ने खराब मौसम और अगले कुछ दिनों में बारिश की संभावना को देखते हुए वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, 11 अगस्त शाम 4 बजे से 12 अगस्त शाम 4 बजे तक जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे (NH-44) पर कई हिस्सों में बेहद धीमी रफ्तार से ट्रैफिक चला।

उधमपुर के डावल में करीब 30-40 मीटर लंबे सिंगल लेन हिस्से और मरोग से किश्तवाड़ी पाथर के बीच सिंगल लेन सड़क के कारण यातायात प्रभावित रहा। इसके अलावा रामबन और बनिहाल के बीच 3 वाहनों के खराब होने से भी ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हुई।

बारिश के बीच सफर से पहले सड़क की स्थिति जांचने की सलाह

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने और आने वाले दिनों में बारिश की संभावना को देखते हुए यात्रा शुरू करने से पहले TCU श्रीनगर, रामबन या जम्मू से सड़क की स्थिति की पुष्टि जरूर करें। यात्रियों को J&K ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया पेज पर भी अपडेट चेक करने की सलाह दी गई है।

रात में NH-44 पर सफर से बचें

यात्रियों और हल्के वाहनों के चालकों को जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर दिन के समय यात्रा करने की सलाह दी गई है। ट्रैफिक पुलिस ने रात में सफर से बचने को कहा है, क्योंकि रामबन-बनिहाल के बीच पत्थर गिरने और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। इसके अलावा सड़क निर्माण कार्य के चलते भी रात के समय परेशानी हो सकती है।

पुलिस ने वाहन चालकों से लैंडस्लाइड और शूटिंग स्टोन वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से वाहन रोकने से बचने की अपील की है।

ओवरलोडिंग से बचें, वाहन की फिटनेस जांचें

HMV/LMV ऑपरेटरों को ओवरलोडिंग से बचने और यात्रा से पहले पर्याप्त ईंधन रखने की सलाह दी गई है। वाहन मालिकों से अपने वाहनों की फिटनेस भी दोबारा जांचने को कहा गया है।

13 अगस्त के लिए ट्रैफिक प्लान

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, मौसम साफ रहने और सड़क की स्थिति बेहतर होने पर जम्मू-श्रीनगर NH-44 पर दोनों दिशाओं में यातायात की अनुमति होगी। जम्मू से श्रीनगर और श्रीनगर से जम्मू की ओर LMV, यात्री वाहन, निजी कार और गुड्स कैरियर चल सकेंगे।

वाहन चालकों को लेन अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी गई है। गलत लेन में ड्राइविंग और ओवरटेकिंग से ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है।

किश्तवाड़-सिंथन-अनंतनाग NH-244

मौसम और सड़क की स्थिति ठीक रहने तथा रोड मेंटेनेंस एजेंसी से ग्रीन सिग्नल मिलने के बाद LMV और निजी कारों को दोनों दिशाओं में चलने की अनुमति होगी।

पराना से अनंतनाग: सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक
डक्सुम से किश्तवाड़: सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक

कट-ऑफ टाइम के बाद किसी भी वाहन को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी।

SSG रोड पर भी समय तय

श्रीनगर-सोनमर्ग-गुमरी रोड पर मौसम और सड़क की स्थिति अनुकूल रहने पर LMV को दोनों दिशाओं में चलने की अनुमति होगी। सोनमर्ग से कारगिल और मिनामर्ग से श्रीनगर की ओर वाहनों को रोड मेंटेनेंस एजेंसी की अनुमति के बाद दोपहर 1 बजे तक चलने दिया जाएगा।

HMV को सोनमर्ग से कारगिल की ओर दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक अनुमति होगी। शाम 5 बजे के बाद किसी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। फिसलन वाली सड़क को देखते हुए मोटर चालकों को एंटी-स्किड चेन साथ रखने और इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

मुगल रोड पर भी वाहनों की आवाजाही

मौसम साफ रहने और सड़क की स्थिति बेहतर होने पर GREF से मंजूरी मिलने के बाद मुगल रोड (NH-701A) पर दोनों दिशाओं में LMV और उसके बाद अधिकतम 10 टायर वाले HMV को चलने की अनुमति होगी।

चंदिमार्ग (बफलियाज) से शोपियां: सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक
हेरपोरा (शोपियां) से पुंछ: सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक

निर्धारित कट-ऑफ टाइम के बाद किसी भी वाहन को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी।


Content Editor

Subhash Kapoor

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News