जम्मू-कश्मीर में पर्यटकों पर हमला, पुलिस ने लिया Action

Sunday, Feb 08, 2026-02:45 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर डेस्क: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के भद्रवाह इलाके में एक पर्यटक के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी पुलिस अधिकारियों ने रविवार को दी।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को भद्रवाह क्षेत्र में एक पर्यटक के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी। इस संबंध में नागनी भलरा, भद्रवाह निवासी सुरेश कुमार ने भद्रवाह पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चार लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत एहतियाती कदम उठाए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जावेद इकबाल, ओवैस अहमद, खुर्शीद अहमद और अविनाश मन्हास के रूप में हुई है। सभी आरोपी भद्रवाह क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कार्यकारी मजिस्ट्रेट, भद्रवाह के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पर्यटकों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। साथ ही, पुलिस ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को सुरक्षित और पर्यटकों के लिए अनुकूल बनाए रखने के लिए वे पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था में पर्यटन का अहम योगदान है। बागवानी के बाद पर्यटन यहां का दूसरा सबसे बड़ा क्षेत्र है। वर्ष 2025 में जम्मू-कश्मीर में 1.77 करोड़ से अधिक पर्यटक पहुंचे थे, जिनमें लगभग 36 हजार विदेशी पर्यटक शामिल थे।

हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने जम्मू-कश्मीर दौरे के दौरान कहा था कि आतंकियों की साजिशों के बावजूद पर्यटकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उल्लेखनीय है कि 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम के बैसरन मैदान में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों ने हमला कर 26 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी थी, जिनमें 25 पर्यटक और एक स्थानीय नागरिक शामिल था। इसके बाद सुरक्षा बलों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत आतंकियों के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की थी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

 


Content Editor

VANSH Sharma

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News