J&K के इस इलाके में घूम रहे ठग बुजुर्गों को बना रहे निशाना, लोगों ने पुलिस से की अपील
Thursday, Feb 12, 2026-05:10 PM (IST)
आर.एस.पुरा (मुकेश): आर.एस. पुरा के वार्ड नंबर 13 की रहने वाली 70 वर्षीय महिला रामप्यारी पत्नी ताराचंद के साथ अंधविश्वास के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता ने बताया कि वह इलाज के लिए आर.एस. पुरा अस्पताल जा रही थी। इसी दौरान दलजीत चौक के पास एक अज्ञात व्यक्ति उससे मिला।
महिला ने उस व्यक्ति को उम्र अधिक होने के कारण घुटनों में दर्द की समस्या बताई। इस पर आरोपी ने कहा कि उसके घर में किसी ने जादू-टोना कर दिया है, जिसके कारण वह बीमार रहती है और वह उसे ठीक कर सकता है। आरोपी के साथ एक महिला भी मौजूद थी, जो पीड़िता को हायर सेकेंडरी स्कूल आर.एस.पुरा की ओर ले गई।
आरोपियों ने महिला से एक रुमाल और थोड़ी सी फूललिया लाने को कहा तथा उसके कानों की सोने की बालियां उतारकर रुमाल में रखने के लिए कहा। पीड़िता उनकी बातों में आ गई और ऐसा ही किया। इसके बाद ठगों ने रुमाल को गांठ लगाकर महिला को सौंप दिया और कहा कि इसे घर जाकर खोले।
घर पहुंचकर जब महिला ने रुमाल खोला तो उसमें से सोने की बालियां गायब थीं। पीड़िता ने इस संबंध में पुलिस थाना आर.एस. पुरा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे ठगों की बातों में न आएं और सतर्क रहें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
