रोज सुबह अंधेरे में डूब रहा जम्मू-कश्मीर का यह इलाका! लोग परेशान

Sunday, Feb 08, 2026-02:56 PM (IST)

आर.एस. पुरा (मुकेश): आर.एस. पुरा क्षेत्र में सुबह के समय हो रही लगातार बिजली कटौती से लोग खासे परेशान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रोज़ाना सुबह करीब 5 बजे से 7 बजे तक बिजली काट दी जाती है, जिससे पूजा-पाठ, प्रभात फेरी, सैर और अन्य दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

ग्रामीण और शहरी इलाकों के निवासियों ने बताया कि यह समय धार्मिक गतिविधियों और सुबह की दिनचर्या के लिए काफ़ी महत्वपूर्ण होता है, लेकिन अंधेरे के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। श्रद्धालुओं का कहना है कि बिजली न होने से पूजा-अर्चना करना भी मुश्किल हो गया है।

स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बावजूद नियमित रूप से बिजली कटौती की जा रही है, जबकि बिजली विभाग ने दावा किया था कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। लोगों का कहना है कि बिजली कटौती से बच्चों की पढ़ाई, पूजा-पाठ और रोज़मर्रा के कामकाज पर बुरा असर पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर लोगों में रोष देखने को मिल रहा है।

इस संबंध में जब एईई (एसटीडी) अजय पाल से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए यह मामला विभाग के चीफ इंजीनियर के संज्ञान में लाया गया है। उन्होंने कहा कि आर.एस. पुरा शहर में सुबह 5 बजे से 7 बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल रखने के निर्देश दिए गए हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

VANSH Sharma

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News