सावधान! जम्मू में शुरू हुआ चोरों का नया खेल...अगर रात में अचानक बंद हो जाए AC की कूलिंग, तो तुरंत करें यह काम
Thursday, May 28, 2026-07:06 PM (IST)
जम्मू ( तनवीर ) : जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के जिला जम्मू के छन्नी हिम्मत इलाके में इन दिनों चोरों का आतंक चरम पर है। पिछले लगातार 3-4 दिनों से इलाके में चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसी बीच छन्नी हिम्मत क्षेत्र से चोरी का एक ऐसा अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसे देखकर हर कोई दंग है। चोरों ने अब चोरी का एक बेहद आसान और नया तरीका खोज निकाला है।
रात में बंद हो जाती है AC कूलिंग, सुबह उड़ जाते हैं होश
दरअसल, इस समय जम्मू में भीषण गर्मी पड़ रही है और लोग रात को एसी (AC) चलाकर सोते हैं। चोरों के नए पैंतरे के तहत, आधी रात को अचानक लोगों के घरों की एसी कूलिंग करना बंद कर देती है। लोग आमतौर पर सोचते हैं कि AC ट्रिप हो गया होगा या वोल्टेज की समस्या होगी, लेकिन जब सुबह उठकर बाहर देखते हैं तो उनके होश उड़ जाते हैं। चोरों ने अब स्प्लिट एसी के बाहरी हिस्से (आउटडोर यूनिट) में लगे कॉपर (तांबे) के इन-आउट पाइप और कीमती कॉपर वायर को काटना शुरू कर दिया है। चूंकि कॉपर बाजार में महंगे दामों पर बिकता है, इसलिए चोर सीढ़ी लगाकर या छतों पर चढ़कर आसानी से इन पाइपों को काटकर रफूचक्कर हो रहे हैं।

एक ही मार्केट से 16 AC के पाइप चोरी, पुलिस पर उठे सवाल
ताजा मामला जम्मू के छन्नी हिम्मत नेशनल हाईवे के पास स्थित मार्केट का है। यहां चोरों ने एक साथ 16 स्प्लिट एसी (Split AC) के इन-आउट तांबे के पाइप और कॉपर वायर काटकर चोरी कर लिए। यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में भी कैद हो गई है, जिसमें चोर पाइप और वायर ले जाते हुए साफ नजर आ रहे हैं।
लगातार हो रही इन चोरियों के बावजूद स्थानीय पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। एक ही इलाके में लगातार हो रही वारदातों और पुलिस की ढीली कार्रवाई को लेकर स्थानीय जनता में भारी रोष है। लोग अब पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी और गश्त व्यवस्था (नाकों) पर भी सवाल उठा रहे हैं कि आखिर चोर इतनी बड़ी वारदातों को अंजाम देकर आसानी से कैसे बच निकल रहे हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
