20 से बना रहा था प्लान! फारूक अब्दुल्ला पर हमले के आरोपी का चौंकाने वाला दावा
Thursday, Mar 12, 2026-06:42 PM (IST)
जम्मू ( प.स. ) : जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला की हत्या का प्रयास करने के आरोपी कमल सिंह जामवाल के बारे में पुलिस पूरी जानकारी एकत्र कर रही है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गोलीबारी की घटना का मकसद क्या था इसका पता लगाने के लिए 63 वर्षीय जामवाल के निजी, सामाजिक और संभावित संगठनात्मक संबंधों सहित उसकी पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है।
नैशनल कॉन्फ्रैंस (नैकां) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला बुधवार रात को जम्मू के बाहरी इलाके ग्रेटर कैलाश में एक विवाह समारोह से निकलते समय उस वक्त बाल-बाल बच गए जब आरोपी ने कथित तौर पर उन पर पीछे से गोली चला दी। अब्दुल्ला के साथ तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास को विफल कर दिया। जामवाल के पास से कथित तौर पर अपराध में इस्तेमाल की गई लाइसैंसी पिस्तौल बरामद की गई। घटना के वक्त उप-मुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के सलाहकार नासिर असलम वानी भी नैकां प्रमुख के साथ मौजूद थे।
जम्मू के पुरानी मंडी निवासी जामवाल ने पुलिस को बताया कि वह पिछले 20 वर्षों से अब्दुल्ला को निशाना बनाने की ताक में था। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस हमले से पहले उसकी गतिविधियों की भी जांच कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी फिलहाल जामवाल से पूछताछ कर रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी हथियार लेकर समारोह में प्रवेश करने में कैसे कामयाब रहा।
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता जहांजैब सिरवाल ने अब्दुल्ला पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा, “हिंसा के ऐसे कृत्य अस्वीकार्य हैं तथा एक लोकतांत्रिक और सभ्य समाज में इनकी कोई जगह नहीं है।” सिरवाल ने कहा, “आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। ऐसे में अधिकारियों को पूरी तरह से और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करनी चाहिए ताकि हमले के सभी तथ्य सामने आ सकें और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जा सके।”
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
