‘धुरंधर-2’ विवादों में! रिलीज पर जम्मू में बवाल, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

Thursday, Mar 19, 2026-04:45 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर डेस्क: जम्मू में फिल्म ‘धुरंधर-2’ की रिलीज को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। फिल्म के कुछ दृश्यों पर आपत्ति जताई गई है, जिस पर जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीजीपीसी) ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है।

कमेटी के अध्यक्ष रणजीत सिंह टोहरा की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने डिविजनल कमिश्नर और जिला मजिस्ट्रेट, जम्मू से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने कहा कि फिल्म में कुछ ऐसे दृश्य दिखाए गए हैं, जो सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा सकते हैं।

कमेटी का कहना है कि यदि इन आपत्तिजनक दृश्यों को हटाए बिना फिल्म रिलीज की गई, तो इससे इलाके में तनाव बढ़ सकता है और आपसी भाईचारे पर असर पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि जब तक इन दृश्यों में बदलाव नहीं किया जाता, तब तक फिल्म की स्क्रीनिंग पर रोक लगाई जाए।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी चिंता जताई कि इस तरह के विवाद पहले भी सामने आ चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद ऐसी घटनाएं बार-बार दोहराई जा रही हैं, जिससे समुदाय में नाराजगी बढ़ती जा रही है। वहीं, डिविजनल कमिश्नर ने पूरे मामले को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि प्रशासन इस मुद्दे पर संवेदनशीलता के साथ उचित कदम उठाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।

इसके अलावा, कमेटी ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, अमृतसर से भी इस मामले को कानूनी रूप से उठाने की मांग की है। साथ ही, सेंसर बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए फिल्म प्रमाणन प्रक्रिया में अधिक जिम्मेदारी और सतर्कता बरतने की जरूरत बताई गई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

VANSH Sharma

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News