जम्मू में BIS की बड़ी कार्रवाई, ज्वेलरी शॉप से 1,095 संदिग्ध आइटम जब्त
Saturday, Sep 19, 2026-07:21 PM (IST)
जम्मू ( तनवीर ) : जम्मू-कश्मीर के जम्मू में ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (BIS) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ज्वेलरी दुकान पर तलाशी और जब्ती अभियान चलाया। यह कार्रवाई त्योहारों के सीजन के बीच की गई, जब बाजारों में खरीदारी को लेकर रौनक बढ़ गई है। BIS की जम्मू ब्रांच की टीम ने कार्रवाई के दौरान सोने के रंग वाली ज्वेलरी के 1,095 आइटम जब्त किए। BIS के अनुसार, इन वस्तुओं को कोटेड, नकली या “1 ग्राम गोल्ड प्लेटेड ज्वेलरी” के तौर पर बताया गया था। इन पर ऐसे टैग भी लगे हुए थे, जिन पर BIS हॉलमार्क/स्टैंडर्ड मार्क जैसा दिखने वाला या उसके इस्तेमाल का दावा करने वाला निशान पाया गया। BIS ने इन सभी वस्तुओं के साथ संबंधित दस्तावेजों को भी BIS Act, 2016 की धारा 28 के तहत जब्त किया है।
गौरतलब है कि आने वाले दिनों में नवरात्रि, दशहरा,करवाचौथ, दिवाली और भाई दूज जैसे प्रमुख त्योहार हैं। ऐसे में बाजारों में ज्वेलरी समेत अन्य सामान की खरीदारी बढ़ जाती है। BIS की यह कार्रवाई उपभोक्ताओं को मानकों के अनुरूप और प्रमाणित उत्पाद खरीदने के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

BIS ने ग्राहकों से अपील की है कि वे हॉलमार्क वाली सोने की ज्वेलरी खरीदते समय उसकी जांच जरूर करें। ग्राहक BIS CARE ऐप के माध्यम से ज्वेलरी पर दर्ज छह अंकों वाले HUID (Hallmark Unique Identification) नंबर को सत्यापित कर सकते हैं। साथ ही, BIS मार्क के संदिग्ध या गलत इस्तेमाल की जानकारी भी संबंधित विभाग को दी जा सकती है।
त्योहारों के सीजन में ज्वेलरी की खरीदारी करते समय ग्राहकों को केवल आकर्षक दावे के आधार पर सामान खरीदने के बजाय उसकी हॉलमार्किंग और HUID की प्रमाणिकता की जांच करने की सलाह दी गई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
