GMC के मरीजों के लिए चिंता भरी खबर, डॉक्टरों ने दिया अल्टीमेटम

3/20/2024 10:09:06 AM

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर के सरकारी मैडिकल कॉलेज (जी.एम.सी.) के रेजिडेंट डॉक्टरों ने वेतन भुगतान में देरी के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन की धमकी दी है। अगर रेजिडेंट डॉक्टर हड़ताल पर चले जाते हैं तो मरीजों के इलाज में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आर.डी.ए.) की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि पिछले एक साल में जी.एम.सी. श्रीनगर के रेजिडेंट डॉक्टरों को वेतन भुगतान में 5 महीने से अधिक की देरी का सामना करना पड़ा है। इस देरी पर कई बार स्पष्टीकरण मांगने के बावजूद कॉलेज प्रशासन इसके लिए संस्थान की बढ़ी हुई सीट क्षमता से उत्पन्न धन की कथित कमी को जिम्मेदार बता रहा है। वित्तीय समस्या के कारण स्थानीय और गैर-स्थानीय दोनों तरह के रेजिडेंट डॉक्टरों ने वेतन वितरण के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। 3 दिनों के भीतर अगर भुगतान नहीं किया गया तो उन्होंने एक संस्थानव्यापी विरोध-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। 

यह भी पढ़ें :  Online Fraud केस में पुलिस को मिली सफलता, लाखों की रकम हुई बरामद

आर.डी.ए. ने कहा कि वह सीनियर रेजिडेंट के लिए वेतन और पोस्ट ग्रेजुएट रेजिडेंट के लिए वजीफे के समय पर वितरण के संबंध में चल रही चुनौतियों के समाधान के लिए पूरे महीने मुख्य लेखा अधिकारी (सी.ए.ओ.) और प्रिंसीपल जी.एम.सी. (पी.एम.सी.) श्रीनगर के साथ बातचीत करता रहा है। रेजिडेंटों निराश चल रहे हैं, कई घंटों तक काम करने के बावजूद उन्हें मुआवजा देरी से मिलता है और हाशिए पर रहने की भावना का सामना करना पड़ता है। पी.एम.सी. और सी.ए.ओ. से बार-बार अपील करने पर झूठे आश्वासनों और वादों से ज्यादा कुछ हासिल नहीं हुआ है। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2023 से रेजिडेंट डॉक्टरों को बकाए का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे स्थिति और खराब हुई है। आर.डी.ए. ने कहा कि रेजिडेंट के बीच बढ़ते असंतोष और उनके गिरते मनोबल को ध्यान में रखते हुए अगले तीन दिन के भीतर वेतन नहीं मिला तो विरोध-प्रदर्शन होगा।


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News