राशन से लदा ट्रक हुआ हादसे का शिकार, वाहन में फंसे चालक को कड़ी मशक्कत से निकाला बाहर

Saturday, May 09, 2026-03:33 PM (IST)

राजौरी(शिवम): खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग का राशन से लदा एक ट्रक शुक्रवार देर रात राजौरी से बुद्धल जाते समय कंडी गाला के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में चालक वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा संयुक्त रूप से चलाए गए लंबे राहत एवं बचाव अभियान के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एफ.सी.आई. ट्रक नंबर जेके02वाई-0981 राशन सामग्री लेकर राजौरी से बुद्धल की ओर जा रहा था। शुक्रवार रात करीब 10 बजे जैसे ही वाहन कंडी गाला क्षेत्र में पहुंचा, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन के अंदर फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। साथ ही स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय सहयोग दिया। अंधेरे और कठिन परिस्थितियों के बीच कई घंटों तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया।

दुर्घटना में घायल चालक की पहचान जुल्फकार पुत्र नासिर हुसैन निवासी दरहाली मोड़, राजौरी के रूप में हुई है। कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम चालक को वाहन से बाहर निकालने में सफल रही, जिसके बाद उसे तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार चालक की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस और रेस्क्यू टीम की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते चलाए गए अभियान से चालक की जान बच सकी। वहीं, पुलिस ने दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News