रेलवे का बड़ा फैसला: वंदे भारत सेवा का विस्तार, सीटें भी तीन गुना बढ़ीं

Tuesday, Feb 24, 2026-08:02 PM (IST)

जम्मू (तनवीर सिंह): उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा फैसला लिया है। रेलवे प्रशासन ने वंदे भारत ट्रेन संख्या 26401/26402 की सेवा को श्री माता वैष्णो देवी कटरा से आगे बढ़ाकर जम्मू तक करने का निर्णय लिया है। यह नई व्यवस्था 1 मार्च 2026 से लागू होगी। इस विस्तार का उद्देश्य जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करना और पर्यटकों व स्थानीय लोगों को अधिक सुविधा देना है। इससे क्षेत्र में पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पहले यह वंदे भारत ट्रेन 8 कोचों के साथ चलती थी, लेकिन यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अब इसे 20 कोचों के साथ चलाया जाएगा, जिससे अधिक लोग इस आधुनिक ट्रेन का लाभ उठा सकेंगे।

ट्रेन संख्या 26401 सुबह 6:15 बजे जम्मू से रवाना होकर 11:15 बजे श्रीनगर पहुंचेगी। रास्ते में ट्रेन कटरा, रियासी और बनिहाल स्टेशनों पर रुकेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 26402 दोपहर 2:00 बजे श्रीनगर से चलेगी और शाम 6:50 बजे जम्मू पहुंचेगी। इसके ठहराव भी समान रहेंगे।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि पहले 8 कोचों में करीब 530 यात्री सफर करते थे, जबकि अब 20 कोच होने से लगभग 1,440 से अधिक यात्री यात्रा कर सकेंगे। यह ट्रेन जम्मू से श्रीनगर की दूरी लगभग 4 घंटे 55 मिनट में तय करेगी। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि टिकट बुकिंग और पूरी जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या IRCTC से प्राप्त करें।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

VANSH Sharma

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News