घने जंगलों में सुरक्षाबलों का बड़ा अभियान, संदिग्ध आतंकियों की तलाश जारी
Friday, Jun 05, 2026-12:32 PM (IST)
राजौरी(शिवम): राजौरी जिले के मंजाकोट क्षेत्र स्थित डोरीमाल और गंभीर मुगलां के घने जंगलों में संदिग्ध आतंकियों की तलाश को लेकर चलाया जा रहा संयुक्त आतंकवाद विरोधी अभियान शुक्रवार को लगातार 14वें दिन भी जारी रहा। भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सी.आर.पी.एफ. की संयुक्त टीमें पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चला रही हैं।
जानकारी के अनुसार, अभियान के तहत जंगल के अंदरूनी और दुर्गम हिस्सों में खोजी कार्रवाई जारी है। संभावित ठिकानों, प्राकृतिक आश्रयों और संवेदनशील स्थानों की गहन जांच की जा रही है, जबकि आधुनिक निगरानी उपकरणों की सहायता से पूरे इलाके पर नजर रखी जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि अभियान के दौरान डोरीमाल और गंभीर मुगलां के जंगलों से रुक-रुक कर गोलीबारी की आवाजें भी सुनाई देती रही हैं। हालांकि इन आवाजों को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इसके बावजूद सुरक्षा बल पूरी सतर्कता के साथ अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं और जंगल के विभिन्न हिस्सों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
जंगल से जुड़े संपर्क मार्गों और संभावित निकासी रास्तों पर सुरक्षा बलों की कड़ी निगरानी बनी हुई है। इलाके में बहु-स्तरीय सुरक्षा घेरा कायम रखा गया है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
लगातार दो सप्ताह से अधिक समय से चल रहे इस अभियान के दौरान घने जंगल, दुर्गम पहाड़ियां और बदलता मौसम सुरक्षा बलों के लिए चुनौती बने हुए हैं। इसके बावजूद संयुक्त बल पूरे क्षेत्र में अपनी मौजूदगी बनाए हुए हैं और तलाशी अभियान को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ा रहे हैं।
सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, डोरीमाल और गंभीर मुगलां के जंगलों में तलाशी का दायरा बनाए रखा गया है, जबकि पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। ऑपरेशन के तहत जंगल के हर हिस्से की गहन तलाशी जारी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
