Jammu में प्लाट से मिला मोर्टार शैल, मौके पर पहुंची पुलिस ने घेरा इलाका
Wednesday, Jun 10, 2026-11:25 AM (IST)
बिश्नाह(मुकेश): बिश्नाह क्षेत्र के गांव कोठे सैनियां में उस समय हड़कंप मच गया जब स्थानीय निवासी आंचल सिंह पुत्र अमरनाथ के प्लाट से एक पुराना जंग लगा मोर्टार शैल बरामद हुआ। प्लाट में कार्य के दौरान संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर इसकी सूचना तुरंत पुलिस और प्रशासन को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया। बाद में बम निरोधक दस्ते (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड) को बुलाया गया। विशेषज्ञों ने मौके का निरीक्षण करने के बाद बरामद वस्तु को पुराना मोर्टार शेल बताया।
बम निरोधक टीम ने सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए शेल को सावधानीपूर्वक निष्क्रिय कर दिया, जिससे किसी भी प्रकार के हादसे की आशंका टल गई। घटना के दौरान आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद मोर्टार शेल काफी पुराना और जंग लगा हुआ था। प्रारंभिक जांच के अनुसार यह संभवतः पुराने समय का सैन्य विस्फोटक अवशेष हो सकता है। मामले की जांच जारी है। इस दौरान स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बम निरोधक दस्ते की त्वरित कार्रवाई की सराहना की, जिससे क्षेत्र में किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाल दिया गया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
