जमीन के टुकड़े को लेकर हैवान बना इंसान, भतीजों ने चाचा को उतारा मौत के घाट
Saturday, Jul 04, 2026-10:22 AM (IST)
मीरां साहिब(मुकेश): मीरां साहिब ब्लॉक के गांव गाजिया में शुक्रवार देर शाम जमीन विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक पूर्व पंच की मौत हो गई। मृतक की पहचान सतिंदर कुमार उर्फ बिट्टू के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार रात करीब 9 बजे जमीन को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि सतिंदर कुमार के भतीजे विजय कुमार और अजय कुमार ने उन पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल सतिंदर कुमार को पहले उप जिला अस्पताल बिश्नाह पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सरकारी मेडिकल कॉलेज (जी.एम.सी.) जम्मू रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। हमले में सतिंदर कुमार के पैर, हाथ और गले पर गंभीर चोटें आई थीं। वह गांव पंचायत के पूर्व पंच भी रह चुके थे।
मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया कि विजय कुमार और अजय कुमार लंबे समय से उनके पति को धमकियां दे रहे थे। मीरां साहिब पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
