लंबरदार के घर घुसा खतरनाक तेंदुआ, रेस्क्यू करने आई वन्यजीव विभाग के भी छूटे पसीने
Tuesday, May 12, 2026-03:12 PM (IST)
कठुआ(लोकेश वर्मा): कठुआ जिले के हीरानगर क्षेत्र के पक्का कोठा गांव में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेंदुआ स्थानीय लंबरदार दविंदर सिंह के घर में घुस गया। तेंदुए के घर में घुसने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
जानकारी के अनुसार तेंदुआ घर के भीतर बने मवेशी शेड में जा घुसा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिवार के सदस्यों ने सूझबूझ दिखाते हुए शेड का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, जिससे तेंदुआ बाहर न निकल सके। इसके तुरंत बाद वन्यजीव विभाग, पुलिस और स्थानीय प्रशासन को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही वन्यजीव विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। तेंदुआ काफी आक्रामक स्थिति में था, जिसके चलते टीम को उसे काबू में करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयासों के बाद ट्रैंक्विलाइजर गन के माध्यम से तेंदुए को बेहोशी का इंजेक्शन दिया गया। तेंदुए के बेहोश होते ही रेस्क्यू टीम ने उसे सुरक्षित तरीके से पिंजरे में डालकर कब्जे में ले लिया।
वन्यजीव विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए को सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा, वहीं ग्रामीणों ने वन्यजीव विभाग की तत्परता की सराहना की।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
