कश्मीर के सेब कारोबारियों के लिए Good News! रेलवे ने भाड़े में दी 50% छूट

Monday, Oct 19, 2026-08:39 PM (IST)

जम्मू ( तनवीर ) :  उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल सहित पूरे क्षेत्र में पार्सल और कार्गो परिवहन को अधिक किफायती, सुलभ और उद्योग-अनुकूल बनाने के लिए रेलवे बोर्ड ने एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। बोर्ड द्वारा जारी फ्रेट मार्केटिंग सर्कुलर संख्या 26/2026 के तहत, जॉइंट पार्सल प्रोडक्ट - रैपिड कार्गो सर्विस (JPP-RCS) ट्रेनों में राउंड-ट्रिप बुकिंग पर विशेष रियायती भाड़े की नई सुविधा शुरू की गई है।

इस नई और सुगठित व्यवस्था के तहत, यदि कोई एग्रीगेटर, व्यापारी या लॉजिस्टिक्स सेवा प्रदाता JPP-RCS ट्रेनों के माध्यम से दोनों दिशाओं के लिए पार्सल कोच की अग्रिम बुकिंग करता है, तो उसे राउंड-ट्रिप का कुल भाड़ा सामान्य दर (JP Scale) का केवल 1.5 गुना ही देना होगा। अर्थात, एक तरफ का पूरा भाड़ा और वापसी की ट्रिप पर 50 प्रतिशत की भारी छूट मिलेगी। व्यापारियों की सहूलियत के लिए बुकिंग और भुगतान की पूरी प्रक्रिया मूल स्टेशन पर ही एक बार में पूरी होगी, जिससे कागजी औपचारिकताओं से मुक्ति और समय की बचत होगी। यह योजना देश के सभी JPP-RCS रूटों पर तत्काल प्रभाव से एक वर्ष के लिए पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू है।

इस सुविधा का सबसे बड़ा लाभ वर्तमान में चल रहे कश्मीर के सेब सीजन में मिलेगा। कश्मीर घाटी में इन दिनों सेब की बंपर आवक हो रही है। इस नई रियायती दर से कश्मीरी सेब और अन्य फल-सब्जियों को जम्मू, दिल्ली, मुंबई समेत देश के अन्य बड़े बाजारों तक बेहद किफायती, तेज और सुरक्षित तरीके से पहुंचाया जा सकेगा, जिससे बागवानों और व्यापारियों को सीधा लाभ होगा और लॉजिस्टिक्स लागत में लगभग 25 प्रतिशत तक की कमी आएगी।

इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू, Uchit Singhal ने बताया कि, "यह योजना हमारे व्यापारिक ग्राहकों के लिए गेम-चेंजर है। राउंड-ट्रिप पर केवल 1.5 गुना भाड़ा यानी वापसी में 50 प्रतिशत की छूट से परिवहन लागत में बड़ी कमी आएगी। खासतौर पर कश्मीर के सेब सीजन को देखते हुए यह सुविधा बागवानों, फल उत्पादकों और एग्रीगेटर्स के लिए वरदान साबित होगी।" 

जम्मू मंडल रेल प्रशासन सभी व्यापारियों, उद्योग संघों, चैंबर ऑफ कॉमर्स और कार्गो एग्रीगेटर्स से अपील करता है कि वे रेलवे की इस किफायती और समयबद्ध सेवा का अधिकतम लाभ उठाएं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News