Jammu में नशे की बड़ी खेप बरामद, बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंक की जांच शुरू

Saturday, Jun 13, 2026-03:03 PM (IST)

जम्मू ( रोशनी )  :  जम्मू रूरल पुलिस ने नशा मुक्त अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए डोमाना थाना क्षेत्र में एक ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 75 ग्राम गांजा बरामद किया है। आरोपी गांजे की खेप स्थानीय युवाओं को बेचने की फिराक में था। पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि दोमाना इलाके में एक संदिग्ध व्यक्ति नशे की खेप लेकर घूम रहा है। इस पर डोमाना थाना पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए मुट्ठी स्थित शिव मंदिर के पास नाका लगाया। नाके के दौरान पुलिस ने एक सफेद बोरी लिए संदिग्ध व्यक्ति को रोका। 

तलाशी लेने पर बोरी से 1 किलो 75 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इसे जम्मू के स्थानीय युवाओं को बेचकर मोटा मुनाफा कमाना चाहता था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शंकरदीन साहू पुत्र छोटूराम साहू, निवासी छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है। आरोपी फिलहाल मुट्ठी कैंप, जम्मू में रह रहा था। 

दोमाना थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR No. 129/2026, धारा 8/20 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस नेटवर्क की बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। यानी यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी गांजा कहां से लाया और जम्मू में किन-किन लोगों को सप्लाई करने वाला था।

जम्मू रूरल पुलिस ने कहा है कि नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अगर किसी को भी नशे की तस्करी या बिक्री से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News