जम्मू पुलिस की त्वरित कार्रवाई, लापता युवक को ढूंढकर परिवार को सौंपा
Thursday, Feb 12, 2026-11:12 PM (IST)
जम्मू (तनवीर सिंह): जम्मू पुलिस के सिटी साउथ ज़ोन ने त्वरित और लगातार प्रयासों से एक लापता युवक को सकुशल बरामद कर उसके परिवार से मिलाया।
जानकारी के अनुसार, 31 जनवरी 2026 को पुलिस पोस्ट बठिंडी में प्रेम पुत्र काला, निवासी नेपाल (वर्तमान में सुनजवां, बठिंडी, जम्मू) ने एक लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनका छोटा भाई सूरज (उम्र लगभग 18 वर्ष) घर से बिना बताए कहीं चला गया है और वापस नहीं लौटा।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दैनिक डायरी में डीडी नंबर 07 दिनांक 31/01/2026 दर्ज किया और युवक की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीमों ने आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की और विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सफलता मिली और युवक को सकुशल ढूंढ लिया गया। इसके बाद उसे उसके परिवार के हवाले कर दिया गया। बेटे को सुरक्षित वापस पाकर परिवार ने राहत की सांस ली और जम्मू पुलिस का आभार व्यक्त किया।
जम्मू पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या आपात स्थिति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
