Jammu: नशे के खिलाफ पुलिस का प्रहार, चिट्टे सहित आरोपी गिरफ्तार

Friday, Feb 27, 2026-05:11 PM (IST)

जम्मू (तनवीर सिंह): नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत जम्मू पुलिस साउथ जोन को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 262 ग्राम हेरोइन जैसी नशीली सामग्री बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना सतवारी की टीम ने एसएचओ इंस्पेक्टर जयपाल सिंह और पीएसआई करण सिंह की अगुवाई में, एसपी साउथ और एसडीपीओ साउथ की निगरानी में धराप इलाके में नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति, जिसकी पहचान रशपाल सिंह उर्फ अंडा पुत्र प्रीतम सिंह निवासी अपर गड़ीगढ़ के रूप में हुई, धराप से रोही पिंड की ओर जा रहा था।

पुलिस को देखकर वह भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 262 ग्राम हेरोइन जैसी नशीली सामग्री बरामद हुई।

इस संबंध में थाना सतवारी में एफआईआर नंबर 50/2026 दर्ज कर संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी नशे के मामलों में शामिल रहा है और उसके खिलाफ पहले से चार एफआईआर दर्ज हैं।

जम्मू पुलिस साउथ जोन ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ उनकी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी जानकारी को पुलिस के साथ साझा करें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

VANSH Sharma

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News