Jammu: सफेद हाथी बना करोड़ों का मल्टी-टियर कॉम्प्लेक्स, दुकानदार मायूस, पर्यटन को भारी नुकसान
Sunday, Mar 08, 2026-06:35 PM (IST)
जम्मू (विक्की): शहर के जनरल बस स्टैंड स्थित मल्टी-टियर कॉम्प्लेक्स के अभी तक पूरी तरह संचालित न होने से यहां के दुकानदारों का व्यापार प्रभावित हो रहा है। बसों और अन्य वाहनों द्वारा यात्रियों को बस स्टैंड के भीतर से चढ़ाने और उतारने की व्यवस्था अभी तक पूरी तरह लागू नहीं हो पाई है।
जम्मू जनरल बस स्टैंड एसोसिएशन के प्रधान विशाल महाजन ने बताया कि अभी भी अधिकतर टैक्सियां, टेंपो और बसें, जिनमें पर्यटक भी शामिल होते हैं, बस स्टैंड के अंदर आने के बजाय बाहर ही यात्रियों को उतार देती हैं। उनका कहना है कि यदि यात्रियों को पूरी तरह से बस स्टैंड के अंदर से ही चढ़ाने और उतारने की व्यवस्था लागू की जाए तो यहां के दुकानदारों को बड़ी राहत मिल सकती है। लगभग सभी बसें जनरल बस स्टैंड के बाहर ही यात्रियों को उतार देती हैं, जिससे यात्री सीधे चले जाते हैं और उन्हें रघुनाथ मंदिर व बावें वाली माता जैसे जम्मू के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर जाने का अवसर नहीं मिल पाता।
उन्होंने कहा कि हाल ही में डिप्टी कमिश्नर जम्मू द्वारा जारी आदेश के बाद स्थिति में कुछ सुधार देखने को मिला है और अब करीब 30 प्रतिशत बसें बस स्टैंड के अंदर से ही यात्रियों को चढ़ा-उतार रही हैं, लेकिन यह व्यवस्था अभी भी पूरी तरह लागू नहीं हो पाई है।
जनरल बस स्टैंड में करीब 80 प्लेटफॉर्म बनाए गए हैं। यदि इन प्लेटफॉर्मों से बसों द्वारा नियमित रूप से यात्रियों को चढ़ाने और उतारने की व्यवस्था शुरू कर दी जाए तो बस स्टैंड के दुकानदारों के साथ-साथ शहर के पारंपरिक बाजारों में भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ सकती है।
कॉम्प्लेक्स में कुल 166 दुकानें बनाई गई हैं, जिनमें से फिलहाल केवल 59 दुकानें ही संचालित हो रही हैं। इनमें से भी कई दुकानों पर ग्राहकों की कमी के कारण अक्सर ताले लगे रहते हैं, जिससे दुकानदारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि हाल ही में डिप्टी कमिश्नर जम्मू ने बस स्टैंड की व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए आदेश जारी किए हैं, जिसके तहत टैक्सी और टेंपो यूनियनों के लिए जे.डी.ए. पार्किंग की ऊपरी मंजिल निर्धारित की गई है। इसके अलावा बसों को भी बस स्टैंड के निर्धारित प्लेटफॉर्मों से ही यात्रियों को चढ़ाने और उतारने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल हाल ही में लेफ्टिनेंट गवर्नर से भी मिला था, जिन्होंने जनरल बस स्टैंड से जुड़ी लंबित मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया है। दुकानदारों को उम्मीद है कि प्रशासन द्वारा उठाए जा रहे इन कदमों से जल्द ही जनरल बस स्टैंड पूरी तरह संचालित होगा और यहां के व्यापार में फिर से रौनक लौटेगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
