Jammu में भारी बारिश का High Alert, राजौरी-कठुआ में प्रशासन ने जारी की Advisory

Tuesday, Jul 21, 2026-01:11 PM (IST)

जम्मू डेस्क(शिवम बक्शी/लोकेश): जम्मू में भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। जानकारी के अनुसार मौसम विभाग के मुताबिक 21-22 जुलाई को जम्मू डिवीजन में कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश/तेज बौछारें/मूसलाधार बारिश और साथ में गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। इसके अलावा कई संवेदनशील इलाकों में अचानक बाढ़ (Flash Floods) और भूस्खलन (Landslides) की भी आशंका है। इस दौरान विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखने की अपील की है। मौसम विभाग ने लोगों से इस दौरान बिना किसी जरूरी काम से बाहर न निकलने, सुरक्षित जगहों पर घर के अंदर ही रहने और पहाड़ी और खतरनाक स्थानों से दूर रहने की अपील की है।

जानकारी के अनुसार इस दौरान राजौरी के इलाकों में हो रही भारी बारिश के कारण नदियों में जलस्तर तेजी से बढ़ने की आशंका है। इसके चलते ज़िला प्रशासन ने सभी निवासियों को अपील की है कि वे पूरी तरह सतर्क रहें और तुरंत नदी के किनारों और भूस्खलन की आशंका वाले इलाकों को खाली कर दें। जब तक बहुत रूरी न हो, घरों से बाहर न निकलें।

इसके अलावा भारी बारिश और नदियों/नालों में जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए एडवाइजरी जारी की गई है। लगातार हो रही भारी बारिश और नदियों व नालों में जलस्तर अचानक बढ़ने की संभावना को देखते हुए संवेदनशील इलाकों के निवासियों को हाई अलर्ट पर रहने की सलाह दी जाती है। साथ ही जिला प्रशासन के निर्देशों का सख्ती से पालन करने के लिए भी कहा जाता है।

इन संवेदनशील इलाके के लोगों के लिए खास एडवाइजरी जारी

CEO ऑफिस के आस-पास का इलाका

नबन मोहल्ला (नदी किनारे बने घर)

तारिक ब्रिज (पुल) का इलाका

MLA हाउस कॉलोनी

नौशहरा शहर के निचले इलाके

बेला इलाका, नौशहरा (आस-पास की रिहायशी बस्तियों सहित)

नदी के किनारों और बाढ़ के रास्तों (flood channels) पर बसी अन्य बस्तियां

एडवाइजरी

1. ऊपर बताए गए संवेदनशील इलाकों में रहने वाले निवासियों को सलाह दी जाती है कि वे पानी का स्तर बढ़ने का इंतज़ार किए बिना, बुज़ुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगों और जरूरी सामान को तुरंत सुरक्षित जगहों पर ले जाएं।

2. नागरिकों को कम समय की सूचना पर वहां से निकलने (evacuation) के लिए तैयार रहना चाहिए और पुलिस, SDRF, सिविल डिफेंस, रेवेन्यू और अन्य इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों का पूरा सहयोग करना चाहिए।

3. बढ़ते जलस्तर को देखने के लिए नदियों, नालों, पुलों या बाढ़ के रास्तों के पास न जाएं।

4. वाहन मालिकों को सलाह दी जाती है कि वे निचले इलाकों में बनी पार्किंग से अपने वाहन हटा लें और अनावश्यक यात्रा से बचें।

5. निवासियों को ज़रूरी दवाइयां, पीने का पानी, सूखा खाना, ज़रूरी दस्तावेज़ और मोबाइल फोन (पूरी तरह चार्ज) अपने पास रखने चाहिए।

6. नागरिकों से अनुरोध है कि वे पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा जारी ट्रैफ़िक एडवाइजरी का सख्ती से पालन करें।

7. बाढ़, भूस्खलन, तटबंध टूटने या लोगों के फंसे होने की किसी भी घटना की सूचना तुरंत जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (District Emergency Operations Centre) को दें।

राजौरी आपातकालीन हेल्पलाइन

जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (DEOC), राजौरी 24×7 काम कर रहा है। किसी भी प्रकार की आपातकालीन सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर 01962-295895 पर संपर्क करें।

जिला प्रशासन राजौरी लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है। जनता से अनुरोध है कि घबराएं नहीं, अफवाहें न फैलाएं और केवल जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य सरकारी एजेंसियों द्वारा जारी आधिकारिक एडवाइजरी पर ही भरोसा करें।

कठुआ के लोगों के लिए एडवाइजरी जारी

वहीं जम्मू डिवीजन के कठुआ के लोगों के लिए भी प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू डिवीजन में आंधी-तूफान के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इसी के चलते कठुआ जिला प्रशासन ने नागरिकों को सलाह जारी की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें। साथ ही नदियों, नालों और भूस्खलन-संभावित क्षेत्रों से दूर रहें और आधिकारिक एडवाइजरी का पालन करें।

कठुआ आपातकालीन हेल्पलाइन

लोगों के लिए किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति के लिए जिला आपातकालीन संचालन केंद्र कठुआ ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। किसी भी प्रकार की सूचना और आपातकालीन स्थिति के लिए निवासी हेल्पलाइन नंबर 01922-238796 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम (ERSS) आपातकालीन हेल्पलाइन 112 पर भी संपर्क कर सकते हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News