चंडीगढ़ की Sukhna Lake की तर्ज पर विकसित होगी Jambu Zoo की झील, पढे़ं खबर...

Sunday, Feb 15, 2026-06:38 PM (IST)

जम्मू  (विक्की) : जम्मू के नगरोटा स्थित जंबू जू आने वाले समय में पर्यटन और वन्यजीव प्रेमियों के लिए और अधिक आकर्षक बनने जा रहा है। प्राकृतिक पहाड़ियों से घिरे इस विस्तृत परिसर में जहां नई वन्य प्रजातियों के आगमन की तैयारी चल रही है, वहीं जू की झील को भी नए और भव्य स्वरूप में विकसित करने की योजना पर काम तेज कर दिया गया है।

जम्बू जू के वार्डन अमरीक सिंह ने बताया कि मार्च 2026 में चेन्नई से 2 हिप्पो एक नर और एक मादा लाए जाने की संभावना है। उन्होंने कहा कि हिप्पो के लिए अलग से विशेष इनक्लोजर तैयार किया जा रहा है। वर्तमान में इनक्लोज़र का निर्माण कार्य प्रगति पर है और इसे निर्धारित मानकों के अनुसार विकसित किया जा रहा है।

जू वार्डन के अनुसार इसी क्रम में गोवा से भारतीय गौर को भी जम्बू जू लाया जा रहा है। इसके लिए केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सी.जेड.ओ)से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। अमरीक सिंह ने बताया कि आने वाले कुछ महीनों में भारतीय गौर भी दर्शकों को देखने को मिलेगा।

एशिया के सबसे बड़े जंगली बैलों में गिने जाने वाले भारतीय गौर की मौजूदगी जू की जैव विविधता को और समृद्ध करेगी।

जू परिसर में स्थित झील के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण झील में जमा हुई मिट्टी को हटाने का कार्य प्रगति पर है। इसके लिए टैंडर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। प्रशासन की योजना है कि अगले वर्ष तक झील का दायरा बढ़ाया जाए और इसे चंडीगढ़ की प्रसिद्ध सुखना लेक की तर्ज पर विकसित किया जाए। झील के किनारों पर स्टोन पिचिंग की जाएगी तथा एक चैक डैम का निर्माण भी प्रस्तावित है, ताकि भविष्य में वर्षा के दौरान मिट्टी झील में जमा न हो।

इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों को भी जू में शामिल किए जाने की योजना है, जिससे झील और आसपास का वातावरण और अधिक जीवंत और दर्शनीय बनेगा। जब विकसित झील का शांत जल, हरियाली से घिरा परिसर और नए वन्यजीव एक साथ नजर आएंगे, तो जंबू जू का दृश्य निश्चित रूप से पर्यटकों के लिए यादगार अनुभव साबित होगा।

स्पष्ट है कि जम्बू जू को आधुनिक सुविधाओं और समृद्ध जैव विविधता के साथ एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। आने वाले महीनों में यह जू न केवल जम्मू बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए आकर्षण का महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News