नवरात्रों से पहले Jammu में गरमाया मुद्दा! शराब-मीट की दुकानों को लेकर लोगों ने किया प्रदर्शन
Sunday, Oct 04, 2026-05:31 PM (IST)
जम्मू (तनवीर सिंह) : पूरे देश की तरह जम्मू-कश्मीर में भी माता के पावन नवरात्रों को श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया जाता है। इस बार शारदीय नवरात्र 11 अक्टूबर से शुरू होने जा रहे हैं। नवरात्रों से पहले जम्मू में शराब और मीट की दुकानों को बंद रखने की मांग तेज हो गई है। इसी मांग को लेकर डोगरा फ्रंट के अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने अपने साथियों के साथ जम्मू में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और जम्मू-कश्मीर सरकार से अपील की कि नवरात्रों के दौरान शराब और मीट की दुकानों को बंद रखा जाए।
डोगरा फ्रंट का कहना है कि नवरात्र हिंदू धर्म में बेहद पवित्र माने जाते हैं और इन दिनों बड़ी संख्या में लोग व्रत रखते हैं तथा माता की पूजा-अर्चना करते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए शराब और मीट की बिक्री पर रोक लगाई जानी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान अशोक गुप्ता ने कहा कि नवरात्रों के दौरान जम्मू में धार्मिक माहौल बना रहे और लोगों की आस्था का सम्मान हो, इसके लिए प्रशासन को इस दिशा में उचित फैसला लेना चाहिए।
उन्होंने उपराज्यपाल और सरकार से मांग की कि 11 अक्टूबर से शुरू हो रहे नवरात्रों के दौरान जम्मू में शराब और मीट की दुकानें बंद रखने का आदेश जारी किया जाए। अब देखना होगा कि नवरात्रों से पहले डोगरा फ्रंट की इस मांग पर प्रशासन और सरकार की ओर से क्या फैसला लिया जाता है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
