गृह मंत्री Amit Shah का जम्मू-कश्मीर दौरा आज से, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Thursday, Feb 05, 2026-11:07 AM (IST)

जम्मू/श्रीनगर  (अरुण): केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज 5 फरवरी से जम्मू-कश्मीर के लिए 3 दिवसीय दौरा शुरू करेंगे, जिस दौरान वह सुरक्षा की व्यापक समीक्षा करने सहित केंद्र शासित प्रदेश में जारी विकास परियोजनाओं का जायजा लेने के अलावा राजनीतिक हितधारकों से बातचीत भी करेंगे। जम्मू-कश्मीर में उनके दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

इस यात्रा में सुरक्षा एजैंसियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उच्च-स्तरीय बैठकें किए जाने की संभावना है ताकि समग्र कानून-व्यवस्था की स्थिति एवं शासन की बुनियादी ढांचा पहलों की प्रगति का मूल्यांकन किया जा सके। 6 फरवरी की सुबह वह कठुआ जिले के हीरानगर सैक्टर में अंतर्राष्ट्रीय सीमा के दौरे दौरान केंद्रीय गृह मंत्री घुसपैठ को रोकने के लिए सीमा सुरक्षा बल (BSF) द्वारा स्थापित किए गए नवीनतम उपकरणों का भी जायजा लेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि 6 फरवरी की दोपहर को अमित शाह जम्मू में एक उच्च-स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे जिसमें जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा एवं गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा विभिन्न खुफिया एजैंसियों, जम्मू-कश्मीर नागरिक प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। 7 फरवरी की सुबह केंद्रीय गृह मंत्री श्रीनगर के लिए रवाना होंगे जहां वे विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री के जम्मू-कश्मीर के दौरे को देखते हुए घाटी में सुरक्षा व्यवस्था काफी बढ़ा दी गई है। बढ़े हुए सुरक्षा उपायों के तहत कई स्थानों पर नाका जांच की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार चैकिंग अभियान का मकसद किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के अलावा हाई-प्रोफाइल दौरे के दौरान शांतिपूर्ण वातावरण को सुनिश्चित करना है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News