जम्मू रेल मंडल की ऐतिहासिक उपलब्धियां: वंदे भारत से घाटी की यात्रा अब तेज़ और आसान

Sunday, Jan 04, 2026-05:43 PM (IST)

जम्मू डेस्क: उत्तरी रेलवे का जम्मू मंडल, जो भारत का 70वां रेल मंडल है और जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 6 जनवरी 2025 को किया था, ने वर्ष 2025 में विकास और उपलब्धियों की नई मिसाल कायम की है। जम्मू मंडल की स्थापना से न केवल कश्मीर घाटी का देश के शेष हिस्सों से सालभर संपर्क संभव हुआ, बल्कि जम्मू-कश्मीर के लोगों में बदलाव और उम्मीद की नई भावना भी जगी है।

PunjabKesari

वर्ष 2025 के दौरान जम्मू मंडल ने रेल कनेक्टिविटी के विस्तार में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं। उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) का शुभारंभ, विश्वविख्यात चेनाब और अंजी रेल पुलों का राष्ट्र को समर्पण, वंदे भारत ट्रेनों का संचालन, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा, सेब और सीमेंट जैसे उत्पादों की बढ़ती माल ढुलाई और आर्थिक गतिविधियों में तेजी—इन सभी ने जम्मू-कश्मीर के विकास को नई दिशा दी है।

ऐतिहासिक उपलब्धियां

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 6 जून 2025 को उद्घाटित उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक ने कश्मीर घाटी को पूरे वर्ष देश से जोड़ने का सपना साकार किया। वहीं, चेनाब और अंजी रेल पुलों ने इंजीनियरिंग के क्षेत्र में भारत की तकनीकी क्षमता को विश्व पटल पर स्थापित किया।

घाटी तक पहुंची वंदे भारत

श्री माता वैष्णो देवी कटरा–श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन के संचालन से अब तक 3.75 लाख से अधिक यात्री लाभान्वित हो चुके हैं। इस सेवा ने यात्रा को न केवल तेज और सुविधाजनक बनाया है, बल्कि पर्यटन को भी नया प्रोत्साहन दिया है।

PunjabKesari

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा

कटरा–अमृतसर रेल मार्ग ने धार्मिक और आध्यात्मिक संपर्क को और सशक्त किया है, जिससे श्रद्धालुओं की यात्रा और अधिक सुगम हुई है।

आर्थिक गतिविधियों में तेजी

माल ढुलाई के क्षेत्र में भी जम्मू मंडल ने उल्लेखनीय प्रगति की है। वर्ष 2025 में 20 हजार टन से अधिक सेब और करीब 1.5 लाख टन सीमेंट का परिवहन किया गया, जिससे किसानों और उद्योगों को सीधा लाभ मिला। अनंतनाग गुड्स शेड की 1.5 लाख टन सीमेंट हैंडलिंग क्षमता ने लॉजिस्टिक्स को मजबूत किया। पहली बार घाटी में ऑटोमोबाइल और खाद्यान्न रेक पहुंचे, वहीं कश्मीर से बांद्रा तक चेरी (शहतूत) का परिवहन एक बड़ी उपलब्धि रही।

PunjabKesari

राजस्व और सतर्कता

जम्मू मंडल ने गैर-भाड़ा राजस्व के नए अनुबंधों से ₹94 करोड़ से अधिक की आय अर्जित की। टिकट चेकिंग अभियानों के दौरान 63 हजार से अधिक मामलों में ₹3.72 करोड़ की वसूली की गई।

24x7 सेवा में समर्पित रेलकर्मी

रेलवे के समर्पित कर्मचारी 24 घंटे सेवा में तत्पर रहकर रिकॉर्ड यात्री आवागमन और क्षेत्रीय विकास सुनिश्चित कर रहे हैं।

जम्मू मंडल के एक वर्ष पूरे होने पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री उचित सिंघल ने कहा कि वर्ष 2025 जम्मू मंडल के लिए चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किए गए। उन्होंने कहा कि 2026 में जम्मू मंडल नए प्रोजेक्ट्स के साथ विकास की दूसरी कड़ी लिखेगा और कश्मीर के लोगों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी व समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

VANSH Sharma

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News