बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहला जत्था कल होगा रवाना, भक्तों में भारी उत्साह
Wednesday, Jul 01, 2026-07:16 PM (IST)
जम्मू ( तनवीर ) : जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश में श्री बाबा अमरनाथ जी की यात्रा 3 जुलाई 2026 से शुरू होने जा रही है और वहीं श्री अमरनाथ यात्रा 2026 के लिए श्रद्धालुओं का पहला जत्था गुरुवार, 2 जुलाई की सुबह जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास बेस कैंप से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रवाना होगा। प्रशासन, पुलिस, अर्धसैनिक बलों तथा श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड ने यात्रा के सफल और सुरक्षित संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। ऐसे में भगवती नगर यात्री निवास में सुरक्षा को कड़ा कर दिया गया है।
वहीं पहले दल में जाने वाले शिव भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा हैं पहले जत्थे को विधिवत रवाना किए जाने के बाद श्रद्धालु कश्मीर घाटी के बालटाल और पहलगाम आधार शिविरों की ओर प्रस्थान करेंगे। वहां से 3 जुलाई से पवित्र गुफा की यात्रा शुरू होगी।
यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन सर्विलांस तथा यातायात प्रबंधन के विशेष प्रबंध किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर भगवती नगर बेस कैंप पहुंचें, यात्रा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा केवल अधिकृत काफिले के साथ ही यात्रा करें।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
